बीमारी की हिस्ट्री संभालकर रखेगा आभा कार्ड, रांची में ऐसे बुक करें निगम का सामुदायिक भवन; बंधन बैंक के चार नए क्रेडिट कार्ड लांच
काम की खबर: आभा कार्ड मरीजों को पुरानी जांच रिपोर्ट और उपचार रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सहेजने में मदद करेगा, जिससे विभिन्न अस्पतालों में रिकॉर्ड साझा करना आसान होगा।

पुरानी जांच रिपोर्ट और उपचार रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सहेजने में सहायक।
HighLights
आभा कार्ड 14 अंकों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है।
बंधन बैंक ने ग्राहकों के लिए चार नए क्रेडिट कार्ड लॉन्च किए।
जागरण संवादता, रांची। बार-बार अस्पताल बदलने पर पुरानी जांच रिपोर्ट, पर्ची और उपचार का रिकार्ड संभालकर रखना मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनता है। ऐसे में आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) लोगों के लिए उपयोगी है।
यह 14 अंकों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जिसके माध्यम से अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों में बने रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से जोड़ा और जरूरत पड़ने पर सहमति के आधार पर चिकित्सक के साथ साझा किया जा सकता है।
कार्ड बनाने के लिए आधिकारिक आभा पोर्टल पर जाकर आधार या ड्राइविंग लाइसेंस के माध्यम से पंजीकरण करें। आधार से पंजीकरण में मोबाइल ओटीपी से सत्यापन के बाद आभा नंबर बनाया जा सकता है।
आभा से स्वास्थ्य रिकार्ड एक जगह डिजिटल रूप से देखने और संभालने में सुविधा मिलती है। एबीडीएम से जुड़े अस्पतालों में जैसे रिम्स और सदर अस्पताल में लगे क्यूआर कोड के माध्यम से तेज पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी और डाक्टर से दिखाने का लंबा इंतजार भी खत्म होगा।
रांची में शादी, पार्टी के लिए घर बैठे ऐसे बुक करें नगर निगम का सामुदायिक भवन
शादी, पारिवारिक समारोह या सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अब नगर निगम का सामुदायिक भवन बुक कराने के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा। नगर निगम ने पांच सामुदायिक भवनों की आनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। नए सिरे से सभी सामुदायिक भवनों को रांची नगर निगम ने तैयार किया है।
ऐसे करें बुकिंग : मोबाइल या कंप्यूटर पर apnaranchi.rsccl.in वेबसाइट खोलें। सामुदायिक भवन बुकिंग का विकल्प चुनकर उपलब्ध भवन और तारीख देखें। अपनी पसंद का भवन व तारीख चुनें और आनलाइन भुगतान कर बुकिंग पूरी करें। पहले चरण में इंदिरा गांधी चौक, ईस्ट जेल रोड, न्यू पुंदाग, इलासिया कम्युनिटी हाल पारस टोली और ग्वाला टोली मजार रोड, डोरंडा के भवन शामिल हैं।
स्वर्णरेखा श्रेणी का शुल्क 25 हजार रुपये और पलाश श्रेणी का 15 हजार रुपये है। जीएसटी अलग से लगेगा। पांच हजार रुपये सुरक्षा राशि भी जमा करनी होगी। निगम कुल 16 भवनों को आनलाइन व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी कर रहा है।
बंधन बैंक ने चार वैरिएंट में क्रेडिट कार्ड किए लांच
बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के सहयोग से चार नए क्रेडिट कार्ड लांच किए हैं। बैंक ने ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों और खर्च करने की आदतों को ध्यान में रखते हुए स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना वैरिएंट पेश किए। इन कार्डों का अनावरण बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता, मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल की मौजूदगी में हुआ।
सेनगुप्ता ने कहा कि क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो बैंक की सार्वभौमिक बैंकिंग यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डिजिटल-प्रथम भारत को ध्यान में रखते हुए सहज डिजिटल आवेदन और सुविधाजनक कार्ड सेवा अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।