प्रेमिका दूसरे युवक से करती थी बात, Boyfriend ने रेत दिया गला Ranchi News
Jharkhand. रांची के बेडो थाना क्षेत्र में सीता धान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। आरोपी लोहरदगा जिले का रहने वाला है।
रांची, जासं। बेड़ो थाना क्षेत्र के महरू में हुई सीता धान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। मामले में लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बोधाटोली निवासी ब्रजेश मुंडा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून लगा जींस-शर्ट और हीरो होंडा स्पलेंडर बाइक बरामद किया गया है। ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि ब्रजेश ने अपनी प्रेमिका को दूसरे से संबंध रहने की वजह से मार डाला है। ब्रजेश का युवती के साथ लगभग डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इधर, हाल में उसने किसी दूसरे लड़के से बातचीत करना शुरू कर दी थी। यह बात ब्रजेश को नागवार गुजरी, तो उसने युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। महरू गांव में ब्रजेश की मौसी रहती है। इसी वजह से वहां उसका आना-जाना होता था। घटना की रात सीता धान ने ब्रजेश को बुलाया था। इसी दौरान फोन पर अन्य लड़कों से बात करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि ब्रजेश ने चाकू निकाला और गला रेत डाला। छापेमारी टीम में बेड़ो डीएसपी संजय कुमार, बेड़ो थाना प्रभारी श्याम बिहारी मांझी, आकाश दीप, मंजीव पांडेय, धर्मेंद्र कुमार सिहं, रजनीकांत मिश्रा, संतोष लकड़ा सहित अन्य शामिल थे।
इधर, लिफ्ट में बंद हुआ अपराधी, हथकड़ी की रस्सी बाहर
इधर सीता की हत्या करने के आरोपित ब्रजेश को प्रेस कांफ्रेंस के लिए ग्रामीण एसपी के चैंबर में लाए जाने के दौरान बड़ी लापरवाही देखी गई। निचले तल्ले की लिफ्ट में अपराधी को जब घुसाया गया, तो पुलिसकर्मियों के घुसने से पहले ही लिफ्ट का गेट बंद हो गया। इससे अपराधी लिफ्ट के अंदर और पुलिस बाहर उसकी हथकड़ी की रस्सी पकड़े खड़ी थी। फिर जब बटन दबाकर लिफ्ट खोला गया, तो उसे निकाला गया। ऐसी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती थी।