उत्पाद सिपाही भर्ती में 62 अभ्यर्थी मेडिकल में असफल, अपील का मौका; क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा में 26.77% ही उपस्थिति
झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में 62 अभ्यर्थी चिकित्सीय जांच में असफल रहे, जिन्हें अपेक्स मेडिकल बोर्ड में अपील का ...और पढ़ें

मेडिकल में असफल अभ्यर्थी अपेक्स मेडिकल बोर्ड में कर सकेंगे अपील।
HighLights
उत्पाद सिपाही परीक्षा में 62 अभ्यर्थी मेडिकल जांच में असफल।
असफल अभ्यर्थी 20-21 जुलाई को रिम्स में कर सकेंगे अपील।
क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा में केवल 26.77% अभ्यर्थी हुए शामिल।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के अंतर्गत अल्पसूचीबद्ध अभ्यर्थियों के चिकित्सीय जांच परीक्षण में 62 अभ्यर्थी अफल हो गए हैं। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।
अल्पसूचीबद्ध किए गए अभ्यर्थियों का चिकित्सीय जांच परीक्षण एक जुलाई से 14 जुलाई तक रांची सदर अस्पताल में हुआ था। आयोग के अनुसार, चिकित्सीय जांच परीक्षण में असफल अभ्यर्थी चयन पर्षद के निर्णय के विरूद्ध अपील अपेक्स मेडिकल बोर्ड में कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को 20 एवं 21 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से चिकित्सीय अधीक्षक कार्यालय सम्मेलन कक्ष, रिम्स, रांची में आवश्यक दस्तावेज़ के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
इन दस्तावेज में परीक्षा का प्रयुक्त प्रवेश पत्र, दो अद्यतन पासपोर्ट साइज़ का रंगीन फोटो, फोटोयुक्त पहचान पत्र (वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि सम्मिलित हैं। इसके बाद अभ्यर्थियों को अपील का कोई अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।
क्षेत्रीय कार्यकर्ता नियुक्ति परीक्षा में 26.77 प्रतिशत ही उपस्थिति
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित 'झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा' रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा में महज 26.77 प्रतिशत अभ्यर्थी ही सम्मिलित हुए। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए कुल 3,22,867 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे।
आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता के अनुसार, परीक्षा में 86,444 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। यह परीक्षा तीन पालियों में आयोजित हुई। सचिव के अनुसार, परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। परीक्षा के लिए राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में 813 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
