Naxalite Police Encounter: झारखंड के चाईबासा में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर
Jharkhand. चाईबासा जिले में नक्सलियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने हथियार और पिट्ठू बरामद किया है।
रांची, जासं। झारखंड के चाईबासा जिले में नक्सलियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। इसमें तीन नक्सली ढेर हो गए हैं। पुलिस ने हथियार और पिट्ठू बरामद किया है। जंगलों में सर्च अभियान जारी है। चाईबासा जिले के गुदड़ी इलाके के चिरूम गांव की घटना है। यहां पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन महिला नक्सली मारे गए। कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। इस घटना में एक सीआरपीएफ का जवान भी घायल हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खूंटी के सीमावर्ती जिले में नक्सलियों ने डेरा डाला हुआ है। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी की। नक्सलियों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में हथियार और पिट्ठू बरामद किया है। बताया जाता है कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। घटनास्थल जंगली इलाका है।
सूचना मिलने के बाद पश्चिमी सिंहभूम के एसपी इंद्रजीत महथा ने घटनास्थल का दौरा किया और घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटना में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
गुदड़ी में ही हुई थी सात ग्रामीणों की हत्या
गुदड़ी के बुरुगुलीकेरा में ही उपमुखिया समेत सात ग्रामीणों की हत्या कर दी गई थी। इस घटना को पत्थलगढ़ी समर्थकों ने अंजाम दिया था। सभी की जंगल में ले जाकर सामूहिक हत्या कर दी गई थी। घोर नक्सल प्रभावित इस जिले में इस घटना के बाद झारखंड की राजनीति गर्म हो गई थी। इस घटना के कुछ ही दिन पूर्व सत्ता में आई हेमंत सरकार ने पत्थलगड़ी समर्थकों पर से देशद्रोह का केस हटाने का एलान किया था। राज्य की विपक्षी पार्टी भाजपा ने इस पर पुरजोर विरोध जताया था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सात आदिवासी ग्रामीणों की हत्या पर दुख जताया था।