एक नवंबर को मनाया जाएगा गुरु रामदास का प्रकाश पर्व, फेसबुक पेज पर होगा लाइव प्रसारण
Light Festival of Guru Ram Das अखंड पाठ की समाप्ति के बाद 1030 बजे से 1230 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। इसमें हजूरी रागी जत्था की ओर से गुरुवाणी का कीर्तन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर चलेगा।
रांची, जासं। सिखों के चौथे गुरु साहिब श्री गुरु रामदासजी महाराज का प्रकाश पर्व एक नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी के विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजेगा। अरदास, कीर्तन और गुरुवाणी सुनाई जाएगी। मेन रोड स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा में 30 अक्टूबर को 11 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिबजी का अखंड पाठ शुरू किया जाएगा, जिसकी समाप्ति एक नवंबर को सुबह 10 बजे होगी।
अखंड पाठ की समाप्ति के बाद 10:30 बजे से 12:30 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। इसमें हजूरी रागी जत्था की ओर से गुरुवाणी का कीर्तन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर चलेगा। गुरुद्वारा साहिब के महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन शारीरिक दूरी का पालन करते किया जाएगा।
जो गुरुद्वारा नहीं आ सकते हैं, उनके लिए ऑनलाइन प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। दीवान का फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से गुरुपर्व अरदास में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने साध संगत से अपील की कि कोविड 19 को लेकर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम में भाग लें।