RIMS में फ्री इलाज कराना हुआ आसान, मरीजों को अब यूनिट इंचार्ज देंगे अनुमति
Free Treatment in RIMS Now Easy कई बार अधिकारी के नहीं रहने से मरीज को निश्शुल्क इलाज का लाभ नहीं मिलता था। 15 सितंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के तहत आदेश जारी किया गया है। अब मरीजों को राहत मिलेगी।
रांची, जासं। Free Treatment in RIMS Now Easy रिम्स में भर्ती गरीब और असहाय मरीजों के निश्शुल्क इलाज के लिए अधिकारियों से अनुमति लेनी होती है। कई बार अधिकारी के नहीं रहने की स्थिति में मरीज का निश्शुल्क इलाज नहीं हो पाता है। लेकिन अब ऐसे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। गत 15 सितंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में बुधवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है।
अब वार्ड में भर्ती मरीजों के निश्शुल्क इलाज की अनुमति देने का अधिकार यूनिट इंचार्ज को दे दिया गया है। वहीं, इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए सीएमओ, एसओडी, पीओडी व विशेष परिस्थिति में चिकित्सा उपाधीक्षक अनुमति दे सकते हैं। इधर, यूनिट इंजार्ज की अनुपस्थिति में कार्य व्यवस्था जारी रखने के लिए वैकल्पिक चिकित्सक द्वारा अनुमति प्रदान किया जाएगा। जो भी चिकित्सक या अधिकारी अनुमति देंगे उन्हेंं अपना नाम, हस्ताक्षर व पदनाम वाले मुहर लगाना अनिवार्य होगा। अब इस पहल से मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
डीसी के आदेश के बाद मिलेगी छुट्टी, सिविल सर्जन ने जारी किया आदेश
इधर, दुर्गा पूजा और कोरोना संक्रमण को देखते हुए सिविल सर्जन, रांची डॉ. वीबी प्रसाद ने आदेश जारी कर सभी डाक्टरों की छुट्टी रद दी है। जारी आदेश में सदर अस्पताल रांची के उपाधीक्षक, अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू के साथ सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की छुट्टी उपायुक्त रांची की स्वीकृति के बाद ही मिलेगी। इससे पूर्व किसी भी परिस्थिति में अधिकारी व कर्मचारी अपना मुख्यालय या कार्य स्थल नहीं छोड़ेंगे।