Lohardaga Coronavirus News: लोहरदगा में आज मिले 17 कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों में एक BSF जवान भी
Lohardaga Coronavirus News. संक्रमित एक महिला का रांची में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्र में एक दिन में 285 लोगों का सैंपल लिया था।
लोहरदगा, जासं। Lohardaga Coronavirus News लोहरदगा जिले में रविवार को एक साथ 17 कोराेना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। सभी कोराेना पॉजिटिव मरीज शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसमें एक बीएसएफ का जवान शामिल है। वहीं कोराेना पॉजिटिव एक महिला मरीज का इलाज रांची के कोविड केयर अस्पताल में चल रहा है। लोहरदगा जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 285 पहुंच चुकी है। इनमें कुल 140 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
लोहरदगा शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को मेगा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शहरी क्षेत्र में 11 स्थानों पर कोराेना संक्रमण की जांच के लिए लगे शिविर में एक दिन में 285 लोगों का सैंपल लिया है। इसमें कुल 17 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें कुरैशी मोहल्ला की एक महिला, निंगनी की एक महिला, सोमवार बाजार के दो व्यवसायी और दो विद्यार्थी, अमला टोली क्षेत्र का एक बालक, बक्सीडीपा का रहने वाला एक बीएसएफ का जवान, अंबेडकर नगर की एक महिला, पावरगंज के दंपत्ति, गुदरी बाजार का एक व्यक्ति, शास्त्री चौक के दो व्यक्ति, मिशन चौक के दो पुरुष और अंजुमन मुहल्ला का एक पुरुष कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
कोरोना संक्रमितों में 12 पुरुष एवं 05 महिलाएं शामिल हैं। पुरुषों में 19 वर्ष, 36 वर्ष, 65 वर्ष, 11 वर्ष, 12 वर्ष, 31 वर्ष, 42 वर्ष, 38 वर्ष, 36 वर्ष, 40 वर्ष, 19 वर्ष और 50 वर्ष के पुरुष हैं। जबकि कोरोना संक्रमित महिलाओं में 28 वर्ष, 38 वर्ष, 26 वर्ष, 36 वर्ष और 40 वर्ष की महिला शामिल हैं। सभी कोरोना संक्रमित मरीज असिम्प्टोमैटिक हैं। सभी संक्रमित के स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर बनी हुई है। सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। लोहरदगा शहर में एक साथ 17 कोरोना संक्रमित मरीजों के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता काफी बढ़ चुकी है।