Eid ul-Adha 2020: हंसी-खुशी मनाई जा रही बकरीद, मुस्लिम धर्मावलंबियों ने घरों में पढ़ी शुकराने की नमाज
Bakrid Eid ul-Adha 2020. हिंदपीढ़ी के मोहम्मद अशरफ ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ही बकरीद का पर्व मना रहे हैं।
रांची, जासं। ईद-उल-अजहा का त्योहार शनिवार को सादगी से मनाया जा रहा है। इस मौके पर लोगों ने अपने अपने घरों में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ी। इसके अलावा शहर की 58 मस्जिदों में इमाम मस्जिद समेत चार पांच लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बकरीद की नमाज पढ़ी। नमाज से पहले ही कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया था। कोरोना के चलते इस बार लोग एक दूसरे से गले लग कर मुबारकबाद नहीं दे रहे हैं।
और न ही एक दूसरे के घरों में सेवाईयां खाने के लिए आना-जाना कर रहे हैं। हिंदपीढ़ी के मोहम्मद अशरफ ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ही बकरीद का पर्व मना रहे हैं। परिवार के लोगों ने एक साथ नमाज पढ़ी और इसके बाद एक साथ बैठकर सेवइयां खाईं। लगभग सभी ने इसी तरह बकरीद का त्यौहार मनाया।
नमाज के बाद लोगों ने दुआ की कि अल्लाह पाक इस मुल्क और दुनिया से कोरोना महामारी को जल्द खत्म कर दे। मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने बताया कि अगर कोई मुश्किल आ जाए तो ईद-उल-अजहा की नमाज के बदले में घर में नमाज पढ़ने की छूट है। नमाज पढ़ने वाले को ईद-उल-अजहा की नमाज के साथ ही मस्जिद और ईदगाह जाने का भी सवाब मिलेगा।