LIVE Coronavirus Ranchi: रांची में लगातार स्वस्थ हो रहे कोरोना मरीज, हिंदपीढ़ी में मात्र एक पॉजिटिव
LIVE Coronavirus Ranchi. शनिवार को कोरोना के दो पॉजिटिव मामले मिले हैं। एक हरमू स्थित गंगानगर की रहने वाली 21 साल की गर्भवती महिला है।
रांची, जेएनएन। LIVE Coronavirus Ranchi News Updates रांची में शनिवार को कोरोना वायरस के दो और मामले सामने आए। इस प्रकार अब राजधानी में कोरोना के कुल 115 मरीज हो गए हैं। इसमें दो की मौत हो गई है, जबकि 94 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रांची के सबसे बड़े कंटेनमेंट जोन बने हिंदपीढ़ी में कोरोना का केवल एक मरीज पॉजिटिव है। बाकी सब स्वस्थ हो चुके हैं। रांची में कोरोना वायरस के मरीज लगातार स्वस्थ हो रहे हैं। शनिवार को कोरोना के दो पॉजिटिव मामले मिले हैं। एक हरमू स्थित गंगानगर की रहने वाली 21 साल की गर्भवती महिला है।
वहीं दूसरी अनगड़ा प्रखंड की रहने वाली 19 साल की युवती है। गंगानगर की रहने वाली गर्भवती महिला दो दिन पूर्व खुद से अपना जांच कराने रिम्स पहुंची। चूंकि वह गर्भवती थी और सभी गर्भवती महिलाओं की जांच की जा रही थी। रिम्स के स्क्रीनिंग सेंटर में गुरुवार को महिला का सैंपल जांच के लिए लिया गया। इसके बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया। इधर, दूसरी महिला अनगड़ा प्रखंड के लूपुंग जारा की रहने वाली युवती है।
संक्रमित युवती 17 मई को राजस्थान के एक रेड जोन जिला से आई थी। लौटने के बाद उसे होम क्वारंटाइन में रखा गया था। इस दौरान उसका सैंपल कोरोना जांच के लिए रिम्स भेजा गया था। शनिवार को युवती के पॉजिटिव आने की पुष्टि हुई। वहीं प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि एम्बुलेंस भेजकर संक्रमित युवती को रिम्स के कोविड वार्ड भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को भी गुजरात के रेड जोन जिला अहमदाबाद व सूरत से आए 10 युवकों का सैंपल कोरोना जांच के लिए रिम्स भेजा गया है। पिछले दिनों भेजे गए सीएचसी के सभी स्वास्थ्य कर्मियों का कोरोना जांच निगेटिव आया है। इन्होंने लोगों से शारीरिक दूरी व सैनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की। बताते चलें कि सप्ताह भर पूर्व प्रखंड के चार अलग-अलग गांवों से चार संक्रमित मामले मिले थे। इसमें तीन गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। शनिवार को एक ओर मामला मिलने के बाद अनगड़ा प्रखंड में कोरोना के पांच मामले हो गए हैं।