Coronavirus Fear: क्वारेंटाइन वार्ड में अकेले कैदी ने की खुदकशी, सेंट्रल जेल में मची सनसनी
Coronavirus Fear इस कैदी ने क्वारेंटाइन वार्ड की खिड़की से गमछे के सहारे खुदकशी कर ली। उसने पत्नी की बेरहमी से गला घोंटकर कर हत्या कर दी थी तब भागते वक्त लोगों ने पकड़ लिया था।
रांची, राज्य ब्यूरो। Coronavirus Fear कोरोना वायरस के खौफ के बीच राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में बुधवार की दोपहर करीब दो बजे जेल के क्वारेंटाइन वार्ड में हत्या के आरोपित 29 वर्षीय छोटू तिवारी ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। वह नगड़ी थाना क्षेत्र के पतरा टोली का रहने वाला था। उसने गत 27 मार्च की रात पंडरा ओपी क्षेत्र के बगीचा टोली स्थित किराये के मकान में अपनी पत्नी अनिता देवी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। मकान मालिक व आसपास के लोगों के सहयोग से वह पकड़ा गया था। अगले ही दिन यानी 28 मार्च को पंडरा ओपी की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। जेल में उसे क्वारेंटाइन वार्ड में रखा गया था।
मिली जानकारी के अनुसार हत्यारोपित छोटू तिवारी ने बुधवार की दोपहर जेल के बने क्वारेंटाइन वार्ड में खुद को अकेला पाकर वार्ड की खिड़की के रॉड से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। भ्रमण के दौरान कक्षपाल की नजर जैसे ही उसपर पड़ी आनन-फानन में उसे उतारकर रिम्स पहुंचाया गया। रिम्स के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डॉक्टरों का बोर्ड उसके शव का पोस्टमार्टम करेगा।
छोटू तिवारी तीन बच्चियों का पिता था। वह पूजा-पाठ करवाता था और उसकी पत्नी दूसरे के घरों में झाड़ू-पाेंछा करती थी। छोटू नशे का आदि भी था। उसने गिरफ्तारी के बाद पंडरा पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी उसके साथ नगड़ी नहीं जाना चाहती है। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी शक के चलते उसने उसकी हत्या कर दी थी।