साइबर क्राइम रोकेगा झारखंड का आइटी विभाग, प्रत्येक जिले मेंं बनेंगे साइबर थाना Ranchi News
Jharkhand. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य में साइबर क्राइम रोकने की दिशा में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई गवर्नेंस विभाग को अपनी भूमिका निभाने को कहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य में साइबर क्राइम रोकने की दिशा में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई गवर्नेंस विभाग को अपनी भूमिका निभाने को कहा है। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि झारखंड की वेबसाइट देश की सबसे अच्छी वेबसाइट में शुमार हो। इसका निर्माण आम जनता को केंद्र में रखकर करें, ताकि किसी भी तरह की जानकारी सहजता से प्राप्त हो सके। उन्होंने सरकार की वेबसाइट से राज्य के अन्य महत्वपूर्ण वेबसाइट को लिंक करने पर भी जोर दिया।
वे शनिवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई गवर्नेंस विभाग की समीक्षा कर रहे थे। मौके पर विभाग के अफसरों ने रांची में एक साइबर फॉरेंसिक लैब के माध्यम से कार्य होने तथा राज्य के सभी जिलों में एक-एक साइबर थाना स्थापित किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। साथ ही 2394 सरकारी अधिकारियों को इस मामले में विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की बात कही।
बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी इनोवेशन लैब की स्थापना के लिए आइएसएम धनबाद, सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड और बीआइटी सिंदरी के साथ एमओयू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में डीजी लॉकर के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। सभी स्कूलों में प्रचार-प्रसार के माध्यम से भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि वे अपना प्रमाण पत्र डीजी लॉकर में रख सकें।