Move to Jagran APP

भाजपा कार्यकर्ताओं की अनसुनी की तो फंसेंगे अफसर : रघुवर

मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपाइयों का मनोबल बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा अधिकारी उनकी उपेक्षा नहीं कर सकते। जो ऐसा करेंगे, वे फंसेंगे।

By Edited By: Published: Wed, 13 Feb 2019 05:26 AM (IST)Updated: Wed, 13 Feb 2019 05:30 AM (IST)
भाजपा कार्यकर्ताओं की अनसुनी  की तो फंसेंगे अफसर : रघुवर
भाजपा कार्यकर्ताओं की अनसुनी की तो फंसेंगे अफसर : रघुवर
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपाइयों का मनोबल बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे पार्टी से प्राप्त पहचान पत्र के साथ सरकारी दफ्तरों में सीधे प्रवेश कर सकेंगे और उनकी अनसुनी करनेवाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आरोप लगाया है कि मोदी हटाओ, देश बचाओ उन लोगों का नारा है जो देश को लूटते रहे हैं। जनता की संपत्ति पर ऐसे लोग पंजा मारने को बेचैन हैं और पतित व स्वार्थी लोगों ने महागठबंधन बनाया है। यही लोग नारा लगा रहे - मोदी हटाओ देश बचाओ जबकि गरीब जनता मोदी का शासन चाह रही है। कहा कि जिन लोगों ने शिबू सोरेन को प्रताड़ित किया और जेल भेजा उनके साथ ही हेमंत सोरेन सत्ता में लौटने की चाहत रखते हैं। रघुवर दास हरमू मैदान में रांची, खूंटी और हजारीबाग से पहुंचे शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान नेता कार्यकर्ताओं का उत्साहव‌र्द्धन करते रहे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को कांग्रेस और झामुमो के बारे में बताएं। दोनों पार्टियां लूट के लिए गठबंधन कर रही हैं। भ्रष्टाचार रुकने पर ये पार्टियां मोदी हटाओ देश बचाओ का नारा लगा रही हैं लेकिन आम जनता एक बार फिर मोदी को जिताने का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट पर जीतने का लक्ष्य बना चुकी है और इसके लिए राज्य के सभी 14 सीटों पर जीतना होगा। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर कमल का झंडा और दीया जलाएं, मैं खुद भी जाऊंगा। कहा कि कुछ नेता पार्टी दफ्तर में कुर्सी तोड़ते रहते हैं, इससे काम नहीं चलेगा गांव जाना होगा। पिछले चार वर्षो में सरकार की योजनाओं की जानकारी एक-एक ग्रामीण को दें। रघुवर ने कहा कि जल-जंगल-जमीन का नारा लगानेवाले झारखंड को लूटने का काम करते रहे। सोरेन परिवार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि रामगढ़ के गोला से निकलकर इस परिवार ने रांची के बरियातू, बोकारो, धनबाद, साहिबगंज आदि शहरों में सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन करते हुए संपत्ति अर्जित की है। अब इनकी दुकानदारी नहीं चलनेवाली। आदिवासी जागरूक हो गए हैं और इनका शटर डाउन होगा। संथाल परगना की तीनों सीट भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता गठबंधन की सरकार देख चुकी है और 2004 से 2014 तक कई घोटाले हुए। कांग्रेस और झामुमो ने एक निर्दलीय को मुख्यमंत्री बनाकर 4000 करोड़ का घोटाला करवाया। कांग्रेस ने जहां शिबू सोरेन को बेइज्जत करने का काम किया था वहीं बाबूलाल मरांडी ने चिरूडीह कांड में शिबू को जेल भेजने का काम किया। अब शिबू के बेटे सत्ता के लोभ में इन्हीं दलों के साथ घूम रहे हैं। सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षो में कई विकास कार्य किए हैं। झारखंड में भी स्थिर सरकार होने के कारण चार वर्षो में तेजी से विकास हुआ है। राज्य में डबल इंजन की सरकार चल रही है और कृषि आशीर्वाद योजना, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, उज्ज्वला योजना आदि योजनाएं गांव व किसानों के बीच प्रतिबद्धता के साथ लागू किया गया है। राज्य सरकार विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलाग पेंशन की राशि प्रतिमाह एक हजार रुपये करने जा रही है। राज्य में विकास की ही राजनीति चलेगी। ----- मोदी ने प्रतिष्ठा बढ़ाई : अर्जुन मुंडा इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। भाजपा ने पूरे देश को अपना परिवार माना है। कुछ पार्टियों को देश की संस्कृति से कुछ लेन-देना नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में ग्रामीणों के बीच नई ऊर्जा के साथ पहुंचने की अपील की। कार्यक्रम में विषय प्रवेश उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार वर्मा ने किया जबकि इसका संचालन दीपक प्रकाश ने किया। इस दौरान संगठन प्रभारी धर्मपाल सिंह, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, विमला प्रधान, रामकुमार पाहन, जीतूचरण राम, मनीष जासवाल, साधुचरण महतो, मेयर आशा लकड़ा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद आदि उपस्थित थे।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.