चलती गाड़ी में युवती का हाथ-पैर बांधकर सामूहिक दुष्कर्म, दो युवकों ने की हैवानी
Assault in Ranchi. राजधानी के कोकर इलाके में डालटनगंज की रहनेवाली एक युवती के साथ दो युवकों में गाड़ी में जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया।
रांची, जासं। सदर थाना क्षेत्र के कोकर में गुरुवार की रात एक युवती से दो युवकों ने मिलकर दुष्कर्म किया। युवती को एक वाहन में हाथ-पैर बांधकर घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शनिवार को जेल भेजा जाएगा। पीडि़ता ने पुलिस को बताया है कि गुरुवार को वह डालटनगंज से रांची आरोपितों के साथ पहुंची थी। रात करीब दस बजे आरोपितों ने कोकर में ही जबरन दुष्कर्म किया।
हाथ पैर बांध कर गाड़ी के अंदर दुष्कर्म : डाल्टनगंज में रहने वाली युवती के मुताबिक गुरुवार की रात एक गाड़ी में उसके साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों आरोपित दीपक और छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौनान पुलिस ने पूछताछ में दावा किया है कि आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। युवती ने पुलिस को बताया कि सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद दोनों आरोपितों ने उसे अपनी गाड़ी से उतार दिया।
पीड़िता ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया है कि गुरुवार को वह रांची आने के लिए डाल्टनगंज बस स्टैंड पहुंची थी। कोई गाड़ी नहीं मिलने पर रांची आने के लिए वह आरोपितों की गाड़ी में बैठी। रांची छोड़ने के एवज में पीड़िता से 150 रुपये भी लिए गए। वापस डालटनगंज छोड़ने के लिए कहने पर आरोपितों ने बताया कि उनकी गाड़ी रात में डालटनगंज जाएगी। इस दौरान दिनभर पीड़िता आरोपितों के साथ रही। पीडि़ता के मुताबिक रात दस बजे आरोपित पीड़िता को रांची के कोकर इलाके में लेकर पहुंचे और गाड़ी में जबरन उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
अपरिचित चालक ने पुलिस के पास भेजा : पीड़िता ने बताया कि उसकी सौतेली मां बहुत परेशान करती है। अक्सर उसके साथ घर में मारपीट की जाती है। गुरुवार को वह सौतेली मां से झगड़ा कर गुस्से में घर से निकल गई थी। पीड़िता को महिला थाना में रखा गया है। पीडि़ता का कोर्ट में बयान कराने के डालटेनगंज भेजा जाएगा। युवती के मुताबिक कोकर में जब आरोपितों ने उसे अपनी गाड़ी से उतार दिया, तब वह देर रात को सड़क किनारे खड़ी थी, तभी किसी अपरिचित वाहनचालक ने उसे पुलिस के पीसीआर वैन के पास पहुंचाया। जब पुलिस को पीडि़ता ने अपनी आपबीती बताई, उसके बाद उसे थाने ले जाया गया।