हथियार के बल पर दो छात्राएं अगवा, चार घंटे बाद हुईं मुक्त
रांची में अपराधियों ने सरेशाम हथियार के बल दो छात्राओं को अगवा कर लिया। जिन्हें पुलिस ने चार घंटे बाद मुक्त कराया।
रांची। राजधानी रांची में अपराधियों ने सरेशाम हथियार के बल दो छात्राओं को अगवा कर लिया। हालांकि एक को उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तो दूसरी को पुलिस ने चार घंटे के बाद बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को भी धर दबोचा है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। घटना रविवार शाम करीब सात बजे की है। बताया जाता है कि पांच हथियारबंद अपराधियों ने बायो डायवर्सिटी पार्क रोड स्थित देवगांय जंगल मोड़ बोन घर के पास से गोस्सनर कॉलेज की दो छात्राओं को उस समय अगवा कर लिया, जब दोनों खूंटी से एक बर्थडे पार्टी से लौट रही थीं। पकड़े गए आरोपितों में खरसीदाग ओपी क्षेत्र के चुड़ू गांव निवासी प्रेम कच्छप और लालखटंगा निवासी विक्की चड्डा शामिल हैं। अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, धुर्वा फटिया टोली निवासी संत जेवियर कॉलेज के छात्र रोहित का रविवार को जन्मदिन था। इस मौके पर उसने अपने दोस्तों को पार्टी दी थी। पार्टी के लिए रोहित के 22 दोस्त अलग-अलग बाइक से खूंटी जिले के रेमडा डैम गए थे। इसमें दो छात्राएं भी शामिल थीं। वहां खाने-पीने के बाद सभी बाइक से ही लौट रहे थे। उसी दौरान देवगांव जंगल के बोन घर के पास उनकी बाइक को पांच हथियारबंद अपराधियों ने रोक लिया।
अपराधियों में तीन एक बाइक पर सवार थे, जबकि दो पैदल थे। अपराधी पिस्तौल के बल पर छात्राओं को अपने साथ ले गए। इस दौरान उनके साथ मौजूद छात्रों ने अपराधियों से संघर्ष कर एक को बचा लिया। उधर बाद में दूसरी को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मुक्त करवाया। अपहृत छात्राओं की उम्र 15 व 16 वर्ष है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर खरसीदाग, तुपुदाना, जगन्नाथपुर, नामकुम, धुर्वा सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई। बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण भी जुटे थे।
नाकेबंदी कर पुलिस ने किया बरामद
पुलिस के दावे के अनुसार छात्रा के अपहरण के तुरंत बाद रांची पुलिस की पूरी टीम सक्रिय हो गई थी। हर इलाके में नाकेबंदी कर ली गई थी। टेक्निकल टीम ने लोकेशन ट्रैक करते हुए नामकुम इलाके से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि सूत्र बताते हैं कि छात्रा खुद अपहर्ताओं के चंगुल से भागकर मुक्त हुई है।
घटना के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस ने तत्परता से छात्राओं को सकुशल मुक्त करा लिया है। पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। अन्य अपराधियों को भी दबोच लिया जाएगा।
- अनीश गुप्ता, एसएसपी, रांची।