मगही, मैथिली, भोजपुरी और अंगिका बनी द्वितीय राजभाषा
-राज्यपाल की स्वीकृति के बाद संशोधन अधिनियम लागू -रामकृष्ण धमार्थ फाउंडेशन विश्वविद्यालय क
-राज्यपाल की स्वीकृति के बाद संशोधन अधिनियम लागू
-रामकृष्ण धमार्थ फाउंडेशन विश्वविद्यालय को भी स्वीकृति राज्य ब्यूरो, रांची : राज्य सरकार ने मगही, मैथिली, भोजपुरी और अंगिका को द्वितीय राजभाषा का दर्जा दिया है। विधानसभा के मानसून सत्र में इससे संबंधित संशोधन विधेयक बिहार राजभाषा (झारखंड संशोधन) विधेयक, 2018 पारित किया गया था। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा इसपर स्वीकृति मिलने के बाद राज्य सरकार ने इसे अधिसूचित कर दिया है।
इन चार भाषाओं को द्वितीय राजभाषा का दर्जा मिलने से राज्य में इस श्रेणी की भाषाओं की संख्या कुल 16 हो गई है। इससे पहले 12 भाषाओं को यह दर्जा प्राप्त था। इनमें उर्दू, संथाली, मुंडारी, हो, खड़िया, कुड़ुख, कुरमाली, खोरठा, नागपुरी, पंचपरगनिया, बांग्ला तथा उड़िया शामिल हैं।
इधर, राज्यपाल ने रामकृष्ण धमार्थ फाउंडेशन विश्वविद्यालय विधेयक पर भी अपनी स्वीकृति दे दी है। यह विधेयक भी विधानसभा के मानसून सत्र में पारित हुआ था। विधि विभाग ने इसे अधिनियम के रूप में अधिसूचित कर दिया। यह विश्वविद्यालय रांची में स्थापित होगा। इससे पहले मानसून सत्र में ही पारित अन्य विश्वविद्यालय विधेयकों जैसे रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय, नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, राधा गोविंद विश्वविद्यालय तथा कैपिटल विश्वविद्यालय की स्वीकृति मिल चुकी है।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 24 दिसंबर से!
चार दिनी होगा सत्र, 11 दिसंबर को कैबिनेट की बैठक में आ सकता है प्रस्ताव
राज्य ब्यूरो, रांची : विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर संशय समाप्त होता नजर आ रहा है। हालांकि शीतकालीन सत्र नियत समय से थोड़ा विलंब से होगा। जानकारी के मुताबिक 24 दिसंबर से विधानसभा का सत्र आरंभ होगा जो 27 दिसंबर तक चलेगा।
इस दौरान सरकार दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। विधानसभा के शीतकालीन सत्र से संबंधित प्रस्ताव 11 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में आ सकता है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
----------
मसानजोर में नहीं होगी कैबिनेट की बैठक
11 दिसंबर को मसानजोर में कैबिनेट की बैठक नहीं होगी। अब यह बैठक रांची में ही नियत तिथि को होगी। गौरतलब है कि दुमका दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसका एलान किया था। संभावना है कि 11 दिसंबर के बाद होने वाली कैबिनेट की बैठक मसानजोर में होगी।