महेंद्र सिंह धौनी के घर के सामने सड़क हादसा, ऑटो चालक की मौत, बेटी घायल
उर्सलाइन इंटर कॉलेज की छात्रा है बेटी, छोड़ने जा रहे थे कॉलेज
जागरण संवाददाता, रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हरमू रोड स्थित घर के सामने हुए सड़क हादसे में ऑटो चालक अजीत कुमार सिन्हा की मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी अर्पिता गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सुबह करीब सात बजे की है। जानकारी के अनुसार हरमू विद्यानगर निवासी अजीत कुमार अपनी बेटी अर्पिता को अपनी ऑटो से लेकर ऊर्सुलाइन इंटर कॉलेज छोड़ने जा रहे थे। उसी दौरान महेंद्र सिंह धोनी के घर के सामने ऑटो को सड़क के पास से टर्न ले रहे थे। इसबीच तेज गति की अनियंत्रित डंपर ट्रक ने उनकी ऑटो को चपेट में ले लिया। इससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। आटो चला रहे अजित कुमार सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी अर्पिता को गंभीर चोट लगी। घटना के बाद डंपर चालक मौके पर से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अजीत की बेटी को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अजीत के शव को अपने कब्जे में लिया। पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मृतक के बेटे अंकित के बयान पर अरगोड़ा थाने में डंपर व उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस डंपर का पता लगाने में जुट गई है। पीछे बैठी थी बेटी, सड़क किनारे जा गिरी :
ऑटो अजीत चला रहे थे। उनकी बेटी पीछे वाली सीट पर बैठी थी। धौनी के घर के सामने ऑटो को वे सड़क से दूसरी ओर जाने के लिए टर्न ले रहे थे। उसी दौरान तेज गति की अनियंत्रित डंपर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे आटो पलटते हुए आगे चली गई। ऑटो बूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइविंग सीट पर बैठे अजीत उसी में दब गए। जबकि बेटी फेंकाकर सड़क किनारे जा गिरी। इससे वह बच गई। टक्कर के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। डंपर को पकड़ने के लिए कुछ लोग भागे भी, मगर उसके चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अजीत की बेटी स्थानीय लोगों ने पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।