रणजी ट्रॉफी में अनुकूल के शतक से झारखंड को गोवा पर बढ़त
हरफनमौला खिलाड़ी अनुकूल राय के शानदार शतक (127) की बदौलत झारखंड ने पोरवोरिम (गोवा) मे जारी ग्रुप-सी के मुकाबले में गोवा के खिलाफ पहली पारी में 26 रनों की बढ़त ले ली।
रांची, जासं। हरफनमौला खिलाड़ी अनुकूल राय के शानदार शतक (127) की बदौलत झारखंड ने पोरवोरिम (गोवा) मे जारी ग्रुप-सी के मुकाबले में गोवा के खिलाफ पहली पारी में 26 रनों की बढ़त हासिल कर ली। गोवा की पहली पारी 364 रन के जवाब में झारखंड की पहली पारी 390 रनों पर सिमट गई। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक गोवा ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 10 रन बना लिए हैं।
इससे पूर्व झारखंड ने दो विकेट पर 147 रनों से आगे खेलना शुरू किया। नाबाद बल्लेबाज सौरभ तिवारी (39) व उत्कर्ष सिंह (35) ने पारी को आगे बढ़ाया। सौरभ तिवारी अपने स्कोर में छह रन जोड़ कर 45 के योग पर अमोंग देसाई के शिकार बने। इसके बाद इशांक जग्गी (12) व कुमार देवब्रत (0) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। उत्कर्ष सिंह 75 रन बनाकर अमूल्य पांडरेकर के शिकार बने।
इसके बाद एक छोर पर अनुकूल राय डट गए पर दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। अनुकूल भी यह समझ रहे थे इसलिए उन्होंने काफी तेज बल्लेबाजी की। विराट सिंह (41) के साथ अनुकूल ने टीम का स्कोर तीन सौ के पार पहुंचाया। 308 के योग पर अमोंग देसाई ने विराट को आउट किया। इसके बाद दूसरी छोर से विकेट गिरते चले गए।
अनुकूल ने पचास रन 93 गेंदों पर पूरे किए जबकि अपना शतक उन्होंने 183 गेंदों पर बनाए। आउट होने से पहले अनुकूल ने 212 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके व दो छक्कों की मदद से 127 रनों की पारी खेली। गोवा के लिए अमूल्य पाडरेकर ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। इसके अलावा अमोघ सुनील देसाई, दर्शन मिसाल और विशम्भर काहलोन ने दो-दो विकेट हासिल किए।