सहेली के ब्वॉयफ्रेंड ने छात्रा से किया दुष्कर्म, थाने में दर्ज कराई शिकायत
बीएड की छात्रा ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि हथियार का भय दिखाकर उसकी अस्मत लूटी गई। पुलिस प्रेम-प्रसंग मानकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में दुष्कर्म और यौन उत्पीडऩ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस बीच शहर के अरगोड़ा इलाके में रहने वाली छात्रा से चाकू के बल पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। यह दुस्साहस छात्रा की सहेली के प्रेमी ने ही किया। वह प्रसाद देने के बहाने उसके कमरे में आया और जबर्दस्ती की।
घटना इसी वर्ष विश्वकर्मा पूजा के दिन की है। डर से उसने मामला दर्ज नहीं कराया था। हिम्मत जुटाकर वह सामने आयी और अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज कराया। छात्रा ने पुलिस को बताया है कि वह एक किराये के मकान में रहती है। वह बीएड की छात्रा है। उसके साथ रहने वाली एक युवती का तरुण नाम का ब्वॉयफ्रेंड है।
तरुण का लगातार उसके कमरे में आना जाना था। इसी वर्ष 17 सितंबर विश्वकर्मा पूजा के दिन प्रसाद देने के बहाने वह कमरे में आया था। वह नशे में था। नशे में धुत वह कमरे में ही सो गया। रात में अचानक उठा और चाकू निकाल ली। चाकू के बल पर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मार डालने की धमकी दी थी।