रांची में अप्रैल से शुरू होगी आचार्यकुलम में पढ़ाई
हरिद्वार के बाद अब रांची में बन रहे आचार्यकुलम में अप्रैल से पढ़ाई शुरू होगी।
जागरण संवाददाता, रांची
हरिद्वार के बाद अब रांची में बन रहे आचार्यकुलम में अप्रैल से पढ़ाई शुरू होगी। प्रवेश की प्रक्रिया अब शुरू हो रही है। नामकुम में लॉ कॉलेज के पास यह विद्यालय निर्माणाधीन है। दो महीने के अंदर काम खत्म हो जाएगा।
आचार्यकुलम के निदेशक एलआर सैनी शनिवार को स्टेशन रोड स्थित पतंजलि योग केंद्र में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण का यह सपना था। हरिद्वार के बाद रांची में शुरू हो रहा है। पूरे देश में इसकी स्थापना करनी है। उन्होंने बताया कि रांची केंद्र में एलकेजी से चौथी तक की पढ़ाई शुरू होगी। इसके बाद आगे की कक्षाएं बढ़ती जाएंगी। फीस दो हजार रुपये प्रतिमाह होगा। पांच सौ रुपये नाश्ता आदि का। स्कूल डे बोर्डिग होगा। यानी, सुबह से लेकर शाम तक यहां पढ़ाई से लेकर खेलकूद और होमवर्क सब यहीं करना है। बच्चे घर केवल सोने जाएंगे। बस की व्यवस्था भी रहेगी।
पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक ज्ञान भी दिया जाएगा:
उन्होंने बताया कि इस स्कूल की खास बात यह है कि यहां पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक ज्ञान भी दिया जाएगा। योग, वेद, शास्त्र, हवन-पूजन, आयुर्वेद के साथ नई तकनीक से भी बच्चे दीक्षित होंगे। उन्होंने अपनी परंपरा का भी ज्ञान होगा और आधुनिकता का भी। एक बेहतर और राष्ट्रवादी नागरिक बनाना आचार्यकुलम का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस डे बोर्डिग स्कूल में लंच बच्चों को खुद लाना होगा, लेकिन संध्या पढ़ाई के बाद पौष्टिक आहार विद्यालय उपलब्ध कराएगा। शिक्षकों की देखरेख में संध्या ही होमवर्क भी पूरा कराया जाएगा। प्रेसवार्ता में संजय सिंह, ईश्वर चंद्र आदि उपस्थित थे।