5000 लड़कियों का सौदागर है पन्नालाल, 80 करोड़ की संपत्ति जब्त करने की तैयारी
पुलिस मुख्यालय ने रिपोर्ट तैयार की है जो प्रवर्तन निदेशालय को भेजा जा रहा है। अब मानव तस्करी के किंगपिन पन्नालाल की संपत्ति जब्त की जाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड की 5000 लड़कियों का सौदा कर 15 साल में 80 करोड़ का मालिक बन चुका मानव तस्करी का किंग पिन पन्ना लाल महतो उर्फ उर्फ पन्ना गंझू की संपत्ति जब्त करने की तैयारी है। पुलिस मुख्यालय ने उसकी संपत्ति व उसके सहयोगियों का ब्योरा तैयार कर लिया है। अब इसकी अनुशंसा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से की जा रही है, ताकि समय रहते मनी लाउंड्रिंग एक्ट में मामला दर्ज कर पन्ना की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जा सके।
दैनिक जागरण ने मानव तस्करी के जाल पर प्रकाशित खबरों में बताया था कि कैसे पुलिस की लापरवाही से 5000 लड़कियों का सौदागर पन्नालाल रिहा हो गया। 15 और 16 सितंबर के अंक में दैनिक जागरण में इस बाबत खबरें प्रकाशित की थी। पुलिस की अनुशंसा में यह जानकारी दी जा रही है कि पन्ना खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के गनालोया का रहने वाला है।
वह झारखंड, ओडिशा के सुदूरवर्ती इलाकों की लड़कियों का स्वयं व दलालों के माध्यम से मुंबई, पंजाब, हरियाणा, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, कानपुर, पटना, बंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद, गोवा व देश के बाहर भी घरेलू काम, बंधुआ मजदूरी, कारखाना में मजदूरी व वेश्यावृत्ति के लिए बेच देता था।
पन्ना की संपत्ति : - खूंटी टोली माहिल रोड में 1.27 एकड़, फूदी में 2.54 एकड़, अरगोड़ा बस्ती में 35 डिसमिल, अरगोड़ा-पुंदाग रोड पर 80 डिसमिल, अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी में 1237 वर्गफीट, रांची-खूंटी पथ पर हुटार में 5.12 एकड़, दिल्ली में 50 गज जमीन है। वहीं, छह बैंकों में खाते, फाॅर्चूनर व आइ-10 कार भी उसकी संपत्ति में शामिल है।
पन्ना की इन एजेंसी से है साठ-गांठ : - बिरसा भगवान ट्रायबल वेलफेयर शकूरपुर, नियर ब्रिटानिया चौक, दिल्ली। - गायत्री इंटरप्राइजेज, बी-180, शकूरपुर, नजदीक सम्राट सिनेमा, दिल्ली।- लक्ष्मी प्लेसमेंट सर्विस, शकूरपुर, नियर ब्रिटानिया चौक, दिल्ली।
पन्ना पर दस थानों में दर्ज हैं मामले : - खूंटी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने में छह अलग-अलग कांड दर्ज हैं। वहीं, जगन्नाथपुर थाना रांची, सुल्तानीपुर थाना दिल्ली में एक-एक व मुरहू में दो प्राथमिकियां दर्ज हैं।