इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल झारखंड के लिए सुनहरा मौका, गोवा फिल्म महोत्सव में झारखंड पैवेलियन का उद्घाटन
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे ने कहा है कि गोवा में आयोजित हो रहा 49वां फिल्म फेस्टीवल।
रांची । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे ने कहा है कि गोवा में आयोजित हो रहा 49वां अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव झारखंड के लिए सुनहरा मौका है। यह पहला मौका है जब अंतराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में झारखंड को फोकस राज्य घोषित किया गया है। झारखंड में सिनेमा उद्योग की असीम संभावनाएं हैं। झारखंड सरकार निश्चित रूप से इसका लाभ उठाएगी। केंद्रीय सचिव बुधवार को गोवा में आयोजित 49वा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में झारखंड पैवेलियन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
खरे ने कहा, फिल्म नीति निर्माण के चंद दिनों के बाद ही जिस तरह नामी फिल्मकारों और कलाकारों ने झारखंड में फिल्म निर्माण में रुचि दिखाई, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा, वे खुद झारखंड के निवासी हैं इसलिए उनकी कोशिश है कि राज्य क्षेत्रीय सिनेमा की राजधानी बने।
देश-विदेश के नामी फिल्म निर्माता झारखंड की खुबसूरत वादियों में फिल्म निर्माण करें। उन्होंने राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। कहा, केंद्र सरकार की कोशिश है कि पूर्वी क्षेत्र में फिल्म निर्माण की गतिविधिया तेज हो। इस क्रम में सबसे पहले झारखंड पर फोकस किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फिल्म महोत्सव में देश-विदेश के प्रतिनिधियों को झारखंड पैवेलियन के माध्यम से राज्य के बारे में बताने में आसानी होगी।
झारखंड के दो शहरों में क्षेत्रीय फिल्म फेस्टिवल का प्रस्ताव
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव ने कार्यक्रम में कहा कि इंडियन पैनोरमा के तहत झारखंड के दो शहरों में क्षेत्रीय फिल्म फेस्टिवल कराने का प्रस्ताव राज्य सरकार को दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों को फिल्मों को जानने-समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अगला दशक झारखंड जैसे राज्यों का होगा।