राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन में बोले CM रघुवर, महिलाओं की भागीदारी के बिना विकास अधूरा
राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया। इसमें देशभर के 149 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। आठवां राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन 2018 का आगाज सोमवार को रांची में हुआ। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के उद्घाटन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि महिला शक्ति को राज्य की शक्ति बनाना है। उनकी भागीदारी के बिना राज्य में विकास के कल्पना नहीं की जा सकती है।
राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पूरे देश में महिलाओं के विकास को लेकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कार्य हो रहे हैं। 2 दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में जो भी बातें सामने आएंगी वह राज्य और देश के विकास में सहायक साबित होंगी। झारखंड पुलिस और राष्ट्रीय अनुसंधान विकास ब्यूरो के संयुक्त तत्वाधान में जुडिशल एकेडमी ध्रुवा में यह सम्मेलन शुरू हुआ है जिसका समापन मंगलवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू करेंगी।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नई चुनौतियों के बीच सशक्त कार्यस्थल और अनुकूल कार्य वातावरण बनाना है। देश के विभिन्न हिस्सों में अब तक कुल 7 सम्मेलनों का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया है। सम्मेलन के पहले दिन वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की क्षमता को महत्व देते हुए अनुकूल बनाने के लिए यह सम्मेलन एक सक्रिय वातावरण उपलब्ध कराएगा।
राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन पुलिस संस्थानों केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में होने वाले यौन उत्पीड़न से निपटने के लिए उपलब्ध तंत्र को मजबूत करने तथा उस पर निगरानी रखने के लिए कार्य कर रहा है। पुलिस के सभी रैंक में लिंग संवेदी कारण तथा महिलाओं के अनन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जैसे मुद्दों के लिए सार्थक प्रयास किया जा रहा है। जैसे विश्राम गृह, शौचालय, शिशु गृह आदि का निर्माण शामिल है।
देशभर के 149 प्रतिभागी हुए शामिल : इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों के 149 प्रतिभागी शामिल हो रहे है। इनमें राजस्थान से 7, एसबीपी अकैडमी हैदराबाद से 5, मेघालय से 4 आरपीएफ स 7 मणिपुर से दो पश्चिम बंगाल से 8 उत्तराखंड से 6 आइटीबीपी से 3 आइटीबीपी अकैडमी से 5 सीआईएसफ से 3 केरल से 4 बीएसएफ से 6 नारकोटिक्स ब्यूरो से 3 बिहार से 5 सीआरपीएफ से 5 जम्मू कश्मीर से 6 एनडीआरएफ से एक असम से 5 हरियाणा से 3 गुजरात से 5 तेलंगाना से एक एसएसबी से 4 कर्नाटक से 11 तमिलनाडु से 6 उत्तर प्रदेश से दो त्रिपुरा से एक एनडीआरएफ से 3 असम राइफल्स से 6, महाराष्ट्र से 5 पंजाब से6 और उड़ीसा से 6 प्रतिभागी शामिल होने आए हैं।