खेल ::: हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन, अंतिम दिन झारखंड ने जीते तीन स्वर्ण
जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की आशा बनी सर्वश्रेष्ठ एथलीट ओवरऑल चैंपियनशिप
जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की आशा बनी सर्वश्रेष्ठ एथलीट
ओवरऑल चैंपियनशिप में दूसरे नंबर पर रही केरल की टीम जागरण संवाददाता, रांची : जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी जबकि झारखंड की टीम ने अंतिम दिन तीन स्वर्ण समेत सात पदक जीते। होटवार के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में सोमवार को संपन्न चैंपियनशिप में अंडर-14 में झारखंड की आशा किरण बारला को सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। ओवरऑल चैंपियनशिप में केरल की टीम दूसरे नंबर पर रही।
टीम चैंपियनशिप में बालक अंडर-14 में एएफआइ मध्यप्रदेश, अंडर-16 में हरियाणा, अंडर-18 में हरियाणा, अंडर-20 में हरियाणा, बालिका अंडर-14 में तमिलनाडू, अंडर-16 में महाराष्ट्र, अंडर-18 में केरल और अंडर-20 में केरल की टीम चैंपियन बनी।
सर्वश्रेष्ठ एथलीट में बालक अंडर-14 में गुजरात के दानिश मखवाना, अंडर-16 में हरियाणा के पंकज वर्मा, अंडर-18 में राजस्थान के नीतेश पुनिया व अंडर-20 में पंजाब के आकाशदीप चुने गए। बालिका अंडर-14 में झारखंड की आशा किरण बारला, अंडर-16 में कर्नाटक की शैली सिंह, अंडर-18 में केरल की अर्पणा रॉय और अंडर-20 में पंजाब की रेणु शामिल हैं।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन झारखंड ने तीन स्वर्ण सहित सात पदक अपने नाम किये। इसमें बालिका अंडर-14 के 600 मीटर में आशा किरण बारला ने पहला स्वर्ण पदक जीता। वहीं बालिकाओं के हेप्टाथलन में प्रतिभा कुमारी और बालक वर्ग अंडर-19 के 200 मीटर में अमित कुमार यादव ने स्वर्ण पदक जीता। इनके अलावा 110 मीटर हर्डल में आदित्य प्रकाश ने रजत और 400 मीटर हर्डल में कास्य पदक अपने नाम किया। बालिका अंडर-17 में फ्लोरेंस बारला ने कास्य पदक जीता। बालिका अंडर-17 के 100 मीटर हर्डल में प्रतिभा ने कास्य पदक जीता।
मुख्य अतिथि झारखंड के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने विजेता टीम व खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जेएससीए उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मधुकात पाठक, जेओए के अनिल जायसवाल,भारतीय एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष पीके श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
झारखंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने चार स्वर्ण, दो रजत व पांच कांस्य पदक जीते। यह झारखंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले झारखंड ने 2007 में दो स्वर्ण समेत नौ पदक अपने नाम किए थे।