रांची में कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा की जलकर मौत
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बीते दिन खाना लेने के लिए कतार में खड़ी थी तभी किसी ने पीछे से धक्का दे दिया और वह गर्म दूध से बुरी तरह जल गई।
रांची, जेएनएन। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण कस्तूरबा विद्यालय सिल्ली में सातवीं की छात्रा भूमिका तिग्गा की आग से झुलने की वजह से मौत हो गई। रिम्स में पिछले चार दिनों से उसका इलाज किया जा रहा था। वह कस्तूरबा विद्यालय सिल्ली में संचालित नगड़ी की झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रह रही थी।
जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को हॉस्टल में बड़े बर्तन में रखा गर्म दूध उसके शरीर पर गिर गया था। इसमें वह बुरी तरह झुलसी गई थी। वहीं नौवीं की एक छात्रा अनामिका कुमारी भी गंभीर रूप से झुलसी है उसका इलाज किया जा रहा है। सपारोम नगड़ी निवासी भूमिका के पिता उज्जवल आनंद तिग्गा का पहले ही निधन हो चुका है। मां आशानिधि तिग्गा कई वर्ष से लापता है।
घटना की सूचना पाकर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुदामा मिश्रा विद्यालय पहुंचे एवं मामले की जानकारी ली। वर्तमान में स्कूल वार्डन रजनी कुमारी हैं। इस स्कूल के कैंपस में तीन आवासीय विद्यालय संचालित होते हैं जिनमें करीब 650 छात्राएं पढ़ती हैं। इनके लिए केवल दो शिक्षक हैं जो स्कूल में रहते हैं।
क्या कहा विद्यालय प्रबंधन ने : पूर्व वार्डन परमेश्वरी कुमारी ने बताया कि भूमिका कुमारी टिफिन से पूर्व खाना लेने के लिए कतार में खड़ी थी। इसी बीच किसी बच्ची ने पीछे से उसे धक्का दिया। इसकी वजह से गर्म दूध उसके शरीर में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
चूल्हे पर बनता है खाना : स्कूल में रसोई गैस का आवंटन होने के बाद भी चूल्हा से खाना बनाया जाता है। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका रहती है। वहीं, रसोईघर अलग रहने के बावजूद बच्चों को खाने के लिए कतार में लगना होता है। पूर्व वार्डन ने कहा कि बच्चों की संख्या ज्यादा होने के कारण चूल्हे पर खाना पकाया जाता है।
जांच की मांग : रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस उपाध्यक्ष नागेंद्र नाथ गोस्वामी ने कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा की मौत की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि घटना को तीन दिनों तक क्यों दबाया गया। उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
गंभीर मामला : रसोईघर में छात्रा का झुलसना गंभीर मामला है। मामले की जांच को ले गुरुवार को कमेटी गठित करेंगे। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सी. विजय सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक