मानव तस्करों की धाक ऐसी कि हाथ डालने से कतराती है पुलिस
झारखंड के विभिन्न जिलों से गरीब आदिवासी बच्चियों-युवतियों को तस्करी कर ले जाया जाता है
राज्य ब्यूरो, रांची। मानव तस्करों की धाक ऐसी कि पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी उनपर हाथ डालने से कतराती है। दिल्ली के वसंत विहार से छुड़ाकर लाई गई रांची की युवती के मामले में भी यही हो रह है। मानव तस्कर नेता, अफसर, मंत्री के साथ फोटो लेेेेकर अपना भौकाल बनाते हैं और अपने कद को समाज के सामने ऐसे प्रस्तुत करते हैं, जैसे सचमुच में ये गरीबों के मसीहा हैं।
मानव तस्करों का अड्डा देश की राजधानी दिल्ली में है, जहां झारखंड के विभिन्न जिलों से गरीब आदिवासी बच्चियों-युवतियों को तस्करी कर ले जाया जाता है। ये लड़कियां घरेलू हिंसा व शोषण का शिकार हो जाती हैं।
प्रत्येक वर्ष लगाते हैं मेला
मानव तस्कर प्रत्येक वर्ष क्रिसमस के दिन दिल्ली में घरेलू नौकरानियों का मेला लगाते हैं। यह मेला पंजाबी बाग इलाके में लगता है, जहां प्रत्येक लड़की से 250 रुपये प्रवेश शुल्क के रूप में लिया जाता है। यह मेला मानव तस्कर ही लगाते हैं, जिनमें हाल ही में गिरफ्तार प्रभा मुनी मिंज के पति रोहित कुमार, भानु प्रताप बड़ाईक, मुकेश साहू, निजाम खान, मंजू लकड़ा, लता लकड़ा, अरुण यादव, प्रशंत देवी, दुगेश यादव, दिलीप मंडल, पन्ना लाल साहू व बाबा बामदेव (तिहाड़ जेल में सजायाफ्ता) आदि शामिल हैं।
इनके साथ फोटो खिंचाकर मानव तस्करों ने वायरल की तस्वीरें
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी, मादीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व दिल्ली के पूर्व श्रम मंत्री गिरिश सोनी, झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी आदि।
प्रभा के ठिकाने से ही पूर्व मंत्री योगेंद्र साव हुए थे गिरफ्तार
मानव तस्कर प्रभा मिंज के ठिकाने से ही दिल्ली एटीएस की टीम ने झारखंड पुलिस के इनपुट पर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं, पूर्व में प्रभा मुनी मिंज ने यह भी स्वीकारा था कि उसका झारखंड भवन में आना-जाना लगा रहता था। झारखंड से आने वाले बड़े-बड़े नेताओं को ये मानव तस्कर गाड़ियां आदि उपलब्ध करवाते थे, ताकि उन्हें दिल्ली में कोई दिक्कत न हो।
5000 लड़कियों का सौदा करने वाला भी सलाखों से बाहर
झारखंड की 5000 लड़कियों का सौदा करने वाला पन्ना लाल सलाखों से बाहर निकल गया। पुलिस उसके खिलाफ बड़े सबूत नही जुटा पाई जिसका उसे कोर्ट में लाभ मिला। इतना ही नहीं, कुख्यात मानव तस्कर बाबा बामदेव व अन्य मानव तस्करों को भी बड़े-बड़े लोगों का संरक्षण मिलता रहा है, जिसके चलते उनके धंधे चमकते रहे हैं। फिलहाल, बाबा बामदेव मानव तस्करी व यौन शोषण के मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।