गरीब लड़कियों की शिक्षा के लिए तत्पर हैं रंजना कुमारी
डॉ. रंजना कुमारी शहर में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। विकास भारत से जुड़कर महिलाओं के लिए काम कर रही हैं.
जागरण संवाददाता, रांची । डॉ. रंजना कुमारी शहर में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। विकास भारती में वर्षो तक सेंटर हेड के रूप में काम करने के बाद वर्तमान में सलाहकार की भूमिका में कार्यरत रंजना बाल संरक्षण आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। वह अभी झारखंड खाद्य सुरक्षा आयोग की सदस्य हैं।
उन्होंने एक्सआइएस संस्थान से मैनेजमेंट करने के बाद गरीब बच्चों के लिए काम करने को मिशन बनाया। विकास भारती से जुड़कर झारखंड में गरीब बच्चों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके रोजगार के लिए काम करने को मिशन बनाया। खूंटी जिले के उन बच्चियों को रांची लाकर पढ़ाने का काम किया जो गरीबी के कारण मैट्रिक पास करने से पहले ही बीच में पढ़ाई छोड़कर काम करने दिल्ली या दूसरे राज्यों में चली गई थी या गांव में काम कर रही थी।
इसके साथ ही वैसी लड़कियों का चयन किया जो मैट्रिक फेल कर चुकी थीं। इसके लिए स्वयं गांवों में जाकर वैसी बच्चियों के बारे में जानकारी संग्रह की और करीब 200 लड़कियों को रांची लाकर पढ़ाने की व्यवस्था की। जो बीच में पढ़ाई छोड़ चुकी थी उसे ओपेन विद्यालय से एवं जो मैट्रिक फेल थी उसे जैक से फिर से परीक्षा दिलवाकर मैट्रिक पास कराया। कई लड़कियां आज उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही हैं तो कई खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ चुकी हैं। इसके साथ ही लड़कियों में व्याप्त कुपोषण को दूर करने के लिए कई जिलों में काम की।
जिस परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है उस घर की महिलाएं अपना स्वरोजगार कैसे खड़ा कर सके, इसके लिए विकास भारती में प्रशिक्षण दिलाने का काम की। आज सैकड़ों महिलाएं यहां से प्रशिक्षण लेकर अपना व्यवसाय चला रही हैं। बाल संरक्षण आयोग की सदस्य रहते हुए बालिकाओं के लिए कई काम की। स्कूलों में बच्चियों को सही से भोजन मिले इसके लिए विशेष प्रयास की।