Move to Jagran APP

भाजपा ने बूथ के टास्क इसी माह पूरा करने की तय की मियाद

प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्तर से तय किए गए टास्क को हर किसी को पूरा करना होगा।

By JagranEdited By: Published: Mon, 08 Oct 2018 06:48 AM (IST)Updated: Mon, 08 Oct 2018 06:48 AM (IST)
भाजपा ने बूथ के टास्क इसी माह पूरा करने की तय की मियाद
भाजपा ने बूथ के टास्क इसी माह पूरा करने की तय की मियाद

रांची : प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्तर से तय किए गए टास्क को हर हाल में अक्टूबर माह के अंत तक पूरा करने की मियाद तय की है। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मिशन-2019 की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में इस बाबत डेडलाइन तय की गई।

loksabha election banner

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा पार्टी के सभी लोकसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक और जिलाध्यक्ष मौजूद थे।

बैठक में पार्टी की ओर से सभी प्रभारियों और जिलाध्यक्ष से कहा गया कि बूथ स्तर के सभी टास्क इस माह के अंत तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।

स्पष्ट कहा गया कि बूथस्तरीय सूची वास्तविक होनी चाहिए। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बूथ स्तर बनाए जाने वाले फोटो पहचान पत्र अगले 15 दिनों के भीतर बना लिए जाएं। उन्होंने 'चलो बूथ की ओर का नारा' देते हुए बूथस्तरीय संरचना की मजबूती पर जोर दिया।

सीएम ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए इन्हें जन-जन तक पहुंचाने की जवाबदेही पदाधिकारियों को सौंपी। उन्होंने विशेष तौर पर पर आयुष्मान भारत की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का टास्क सौंपा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारी जीत तो सभी सीटों पर तय है। अब कोशिश इस बात की होनी चाहिए कि जीत का मार्जिन (वोट प्रतिशत) कैसे बढ़ाया जाए। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में पचास फीसद वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों से जिलावार कामकाज का ब्योरा लिया। पदाधिकारियों ने बताया कि बूथ स्तर पर 50 फीसद से अधिक लोगों के फोटो पहचानपत्र बना लिए गए हैं।

बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, बिरंची नारायण, प्रदीप वर्मा, समीर उरांव, आदित्य साहू, संजय सेठ सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

11 को होगा भगवान बिरसा स्मृति स्थल का शिलान्यास, गांवों से मिट्टी लाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

रांची के पुराने जेल रोड स्थित भगवान बिरसा स्मृति स्थल का शिलान्यास 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। बैठक में पदाधिकारियों को इस बाबत जानकारी दी गई। इसके साथ ही उनकी जवाबदेही तय की गई है कि राज्य भर के सभी शहीदों के गांव व आदिवासियों के गांवों की मिट्टी लाएं। गांवों से लाई गई मिट्टी बिरसा स्मृति स्थल पर रखकर धरती आबा को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

11 को आएंगे राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह 11 अक्टूबर को रांची आएंगे। वे 11 व 12 अक्टूबर को प्रदेश कार्यालय में लोकसभावार पार्टी के कार्यो की समीक्षा करेंगे।

---


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.