Move to Jagran APP

झारखंड में रोज 5 हत्‍याएं ; 243 दिनों में मार दिए गए 1326 लोग

राज्य में विधि-व्यवस्था संकट में है। महज 243 दिनों में 1326 लोगों की हत्या कर दी गई है। प्रतिदिन पांच लोगों की हत्याएं हो रही हैं।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sun, 07 Oct 2018 03:27 PM (IST)Updated: Sun, 07 Oct 2018 06:46 PM (IST)
झारखंड में रोज 5 हत्‍याएं ; 243 दिनों में मार दिए गए 1326 लोग
झारखंड में रोज 5 हत्‍याएं ; 243 दिनों में मार दिए गए 1326 लोग

रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में विधि-व्यवस्था संकट में है। राह चलते लोग अपराधियों का शिकार हो रहे हैं। जब वीवीआइपी इलाके में लोग सुरक्षित नहीं तो सुदूरवर्ती इलाकों की सुरक्षा कितनी होगी, इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। पूरे राज्य का आंकड़ा देखें तो महज 243 दिनों में 1326 लोगों की हत्या कर दी गई है। औसत देखें तो राज्य में प्रतिदिन पांच लोगों की हत्याएं हो रही हैं। सिर्फ रांची की बात करें तो यहां जनवरी से लेकर अगस्त तक 128 लोग मारे जा चुके हैं।

loksabha election banner

पुलिस का नहीं है अपराधियों पर जोर, आए दिन हो रही वारदातें : पुलिस के ही आंकड़े बता रहे हैं कि अपराधियों पर पुलिस का जोर नहीं चल रहा है। यह वारदातों के रूप में देखने को मिल रहा है। बढ़ते अपराधों पर पिछले दिनों राजभवन ने भी डीजीपी को तलब किया था। तब डीजीपी ने राज्यपाल को आश्वासन दिया था कि वे विधि-व्यवस्था का राज कायम करेंगे, पर ऐसा होता नहीं दिख रहा है।

सभी जिलों को दिया गया टास्क फाइलों में सिमट गया : पुलिस मुख्यालय ही नहीं सीआइडी मुख्यालय से जिलों को मिले टास्क फाइलों तक सिमटकर रह गए। आदेश दिया गया था कि सभी जिले कुख्यात अपराधियों की सूची बनाएं, फरारी की स्थिति में उनके विरुद्ध पुरस्कार की अनुशंसा करें। अगर जरूरी हो तो उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट लगाने की भी अनुशंसा करें। संगठित अपराध पर नकेल कसने की दिशा में काम करें। इसपर जिलों की संजीदगी का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि इनाम की घोषणा वाली सूची में एक-दो अपराधी के नाम की ही अनुशंसा हो सकी।

रांची में पिछले सवा माह में हुई वारदातें : 16 सितंबर को देर रात जमीन कारोबारी तबरेज उर्फ राजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधी मिंटू गिरफ्तार कर लिया गया है। 16 सितंबर की रात आठ बजे पंडरा रवि स्टील चौक के समीप भाजपा नेता देवेंद्र सिंह को गोली मार दी गई। अपराधी पकड़ से दूर। 7 सितंबर को सीएम आवास सामने पुलिस के पूर्व एसपीओ बुद्धू दास की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों का कोई अता-पता नहीं चल सका है। जबकि इस मामले में दो थाना प्रभारी व एक दारोगा निलंबित कर दिए गए थे। 24 अगस्त को रातू रोड के आर्यापुरी में ऑटोमोबाइल इंजीनियर राकेश यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। एक अपराधी हिमांशु दुबे हथियार के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर में 1 माह में 5 हत्याएं : 3 सितंबर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह में तिवा मुखी को अज्ञात लोगों पीट-पीटकर हत्या कर दी तिवा। पत्नी बेबी मुखी के बयान पर शिवा एवं भीम मुखी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। 6 सितंबर : सोनारी के युवक संदीप दीप की हत्या कर नदी में फेंका। पिता ने उसके मित्र अर्जुन तांती, रहमान व आलोक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

7 सितंबर : बिरसा नगर में प्रेमिका पर शक हुआ तो गला घोंटकर ले ली जान।15 सितंबर : पोते ने की दादी की हत्या। पुलिस ने हत्यारे पोते को गिरफ्तार कर लिया। एमजीएम थाना क्षेत्र के मामला। 26 सितंबर : बच्चों के सामने पत्नी  को जिंदा जलाया। सुंदर नगर थाना स्थित इंदिरा बस्ती में सलखु गुइयाँ ने अपनी पत्नी पेलूंगू का बाल खींचकर पीटा बेहोश होने पर किरासन तेल छिड़ककर आग लगा दी।

सरायकेला जिले में सितंबर में हत्या की चार घटनाएं : सरायकेला-खरसावां जिले में सितंबर के महीने में कुल चार हत्याएं हुई। सितंबर में जिले आदित्यपुर थाना में हत्या की दो घटनाएं हुई। चांडिल थाना में एक एवं सरायकेला थाना में एक हत्या की घटना हुई। चारों हत्याकांड का उदभेदन करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बोकारो में बीते एक माह में चार की हत्या : 16 सितंबर : सियालजोरी थाना इलाके के पर्वतपुर जंगल से पुलिस ने रुपाली देवी और शाहीदी बीबी का शव बरामद की। दोनों महिलाओं की हत्या कर हत्यारों ने शव जंगल मे फेंक दिया था। अभी तक हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है । 22 सितंबर : पेंक नारायणपुर के पोखरिया गांव में संतोष घांसी नामक युवक की हत्या। संतोष अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। इस मामले में युवती के पिता के अलावा घर के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। 24 सितंबर : फर्नीचर पॉलिस करने वाले शंकर बाउरी की हत्या ऑटो चालक और खलासी ने मिलकर कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने वाले हत्यारे आज भी फरार हैं। दो रुपये भाड़ा के विवाद के बाद चालक खलासी ने शंकर की गला घोंट कर हत्या कर दी थी।

पिछले 1 महीने में धनबाद में हुई हत्याएं : 6 सितंबर को मनियाडीह टुंडी में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई ।6 सितंबर को ही तेतुलमारी में महिला की हत्या कर दी गई। 21 सितंबर को पुटकी में महिला की हत्या की गई पति मनमोहन गुप्ता गिरफ्तार। 5 अक्टूबर : भूली निवासी दुलाल महतो की हत्या कर शव फेंक दिया गया।  9 दिन से गायब था दुलाल।

देवघर : 2 सितंबर : मधुपुर थाना क्षेत्र में नग्न हालत में एक अज्ञात अधेड़ बेहोशी की हालत में मिला था। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उसके शरीर में चोट के कई निशान थे जिससे लग रहा था कि उसकी काफी पिटाई हुई है। जिस कारण उसकी मौत हो गई।

8 सितंबर : करौं थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव स्थित एक सिंचाई कूप से 35 वर्षीय सलाउद्दीन उर्फ बोसवा का शव बरामद किया गया। वह मधुपुर थाना क्षेत्र के छोटा सेंघरा गांव का रहने वाला था। इस मामले में हत्या की आशंका जताई गई।13 सितंबर : जिले के सारठ थाना क्षेत्र के डुमरबांध गांव स्थित सुनसान बहियार से युवक जीतेन्द्र सिंह उर्फ जीतन का शव बरामद किया गया। उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वह मंझलाडीह गांव का रहने वाला था।

15 सितंबर : मधुपर थाना क्षेत्र के ककली जंगल स्थित जोरिया से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। उसकी हत्या कर शव को जोरिया में फेंक दिया गया था। 5 अक्टूबर : जसीडीह थाना क्षेत्र के घटियारी गांव के पास एक युवक का शव बरामद किया गया। युवक की पहचान अनिल यादव के तौर पर की गई। उसकी हत्या कर दी गई थी। वह सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला का था। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.