निर्मल महतो के हत्यारे को रिहा करने पर आक्रोश
निर्मल महतो के परिवार के सदस्य तथा आजसू के केंद्रीय सचिव अनिल कुमार महतो ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है।
रांची । निर्मल महतो के परिवार के सदस्य तथा आजसू के केंद्रीय सचिव अनिल कुमार महतो ने राज्य सरकार पर झारखंड आंदोलनकारी निर्मल महतो के हत्यारे को रिहा करने का निर्णय लेने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, सरकार के इस प्रयास से लोगों में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत प्रधानमंत्री से की है। कहा है कि यदि हत्यारे की रिहाई होती है तो वे मुख्यमंत्री आवास में घुसकर अपने शरीर में आग लगा लेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि कई वर्षो से निर्मल महतो व उनके बेटे सुनील महतो के हत्या की एनआइए से जांच कराने की मांग की जा रही है। जांच होने से सफेदपोश साजिशकर्ता सामने आ सकते हैं। लेकिन राज्य सरकार जांच कराने के बजाए हत्यारे को रिहा करना चाहती है। उन्होंने इस फैसले को वापस लेने की मांग की है। शनिवार को मीडिया से रूबरू होते हुए अनिल ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास कई बार एनआइए जांच की अनुशंसा करने की बात कह चुके हैं। जबकि केंद्र में इसे लेकर कोई प्रक्रिया ही नहीं शुरू हुई है। उन्होंने इसे लेकर दशहरा के बाद 31 अक्टूबर से नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री के आवास के सामने अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र की कॉपी मुख्यमंत्री सचिवालय को भी दी है। निर्मल महतो के हत्यारे की रिहाई के फैसले से झारखंड नामधारी दलों में आक्रोश है। अलग-अलग दलों ने इस मामले को लेकर रोष जताया है। प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
---