दो अक्टूबर से स्वराज स्वाभिमान यात्रा पर निकलेंगे सुदेश
आजसू पार्टी आगामी चुनावों का आगाज दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वराज स्वाभिमान यात्रा दो अक्टूबर से शुरू करेंगे।
रांची, जेएनएन । आजसू पार्टी आगामी चुनावों का आगाज दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वराज स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत के साथ करेगी। आजसू प्रमुख सुदेश महतो की अगुवाई में पार्टी के नेता-कार्यकर्ता पूरे राज्य के 300 प्रखंडों के पांच हजार गांवों से गुजरते हुए 2000 किमी की पदयात्रा करेंगे।
पार्टी ने इस दौरान ढाई लाख लोगों से सीधा संवाद करने का दावा किया है। पहले चरण में दो अक्टूबर को इस यात्रा की शुरुआत रामगढ़ के माडू के हेसालौंग गांव से होगी। वहां से यात्रा गोमिया, बेरमो, डुमरी, सिंदरी होते हुए 11 अक्टूबर को टुंडी पहुंचेगी। दस दिनों के इस कार्यक्रम में 11 प्रखंडों के 200 गावों होते हुए 150 किमी की पदयात्रा की जाएगी। पहले चरण में एक लाख लोगों से सीधा संवाद होगा।
पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो के अनुसार, इस यात्रा के जरिए लोगों से विमर्श कर यह जानने और समझने की कोशिश की जाएगी कि महात्मा गाधी के स्वराज की अवधारणा के मायने कितने साकार हो रहे हैं। लोगों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं, छात्रों, किसानों, मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधान, महिला समूहों और बुद्धिजीवियों के साथ भी रायशुमारी करेंगे।
सुदेश के अनुसार, सत्ता विकेंद्रीकरण के पैमाने पर झारखंड कहा खड़ा है इस विषय पर भी जनमत तैयार किया जाएगा। यात्रा के दौरान वे झारखंड आदोलनकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों के यहां रात्रि विश्राम भी करेंगे।
कब कहा से गुजरेगी यात्रा
02-03 अक्टूबर : माडू, 04-05 अक्टूबर : गोमिया, छह अक्टूबर : बेरमो, 07-08 अक्टूबर : डुमरी, 09-10 अक्टूबर : सिंदरी, 11 अक्टूबर : टुंडी से गुजरेगी।