स्वच्छता के लिए बदलनी होगी मानसिकता
्रशनिवार को लालपुर के धोबीघाट मुहल्ले में राज्यपाल द्रौपदी मुर्म द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई की गई। इस आवसर पर मेयर आशा लकड़ा व सीपी सिंह भी उपस्थित रहे।
जागरण संवाददाता, रांची : गली-मोहल्लों को साफ करने का बीड़ा हम सभी को उठाना होगा। लेकिन सिर्फ गली मोहल्ले साफ करने भर से ही समस्या का हल नहीं होगा, हमें लोगों को भी जागरूक करना होगा, मानसिकता बदलनी होगी। हम ऐसा कर सकते हैं, बस इच्छाशक्ति की जरूरत है। उक्त बाते राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहीं, खुद लालपुर स्थित धोबी घाट में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई कर लोगों को साफाई पसंद बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांव में साक्षरता का प्रतिशत शहरों की अपेक्षा कम है, लेकिन स्वच्छता के मामले में वो जागरूक हैं। कहा कि सफाई का काम सिर्फ रांची नगर निगम का नहीं है। हमें व आपको भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा। हर चीज सरकार नहीं कर सकती। हमारा भी अपना कर्तव्य है। लोगों की सहभागिता के बिना कोई काम आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दो अक्टूबर 2014 को स्वच्छता का आगाज किया था। चार साल से यह अभियान चल रहा है और आगे भी चलता रहेगा। हम कचरे को एकत्रित कर उसका डिस्पोजल करेंगे। स्वच्छता एक-एक नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर राज्यपाल ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन द्वारा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया, जिसमें स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें दवाएं भी उपलब्ध करायी गई। शिविर में डॉ.राजीव भूषण, डॉ. विक्रम सम्राट, लोक स्वास्थ्य प्रबंधक मो. तबरेज समेत कई उपस्थित थे। मौके पर नगर आयुक्त मनोज कुमार, उप नगर आयुक्त संजय कुमार, पार्षद अर्जुन यादव व रोशनी खलखो समेत कई निगमकर्मी उपस्थित थे। -------
स्वच्छता की राह दिखाने आईं राज्यपाल : सीपी नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि राज्यपाल हमारा मार्गदर्शन कर रहीं हैं। कहा कि जब हमारे देश की 125 करोड़ जनता अपना एक कदम आगे बढ़ाएगी तो हम 125 करोड़ कदम आगे होंगे। हालांकि अभी भी जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी कहा है कि दो अक्टूबर 2019 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाएंगे तो हमारा रांची पूरे भारत के अंदर नंबर-1 होना चाहिए। सिर्फ रांची नगर निगम से ही यह संभव नहीं है। हमें अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। आयुष्मान भारत कार्यक्रम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में गरीबी रेखा के नीचे 68 लाख परिवार निवास करते हैं। आयुष्मान भारत के तहत 59 लाख परिवार को स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। परिवार में पांच व्यक्ति भी हैं तो पांच लाख तक की चिकित्सा निश्शुल्क होगी। यह विश्व की सबसे बड़ी योजना है। राज्यपाल के आगमन से पूर्व निर्धारित रूट की हुई सफाई शनिवार की सुबह राज्यपाल के आगमन से पूर्व ही नगर निगम के सफाईकर्मी निर्धारित रूट पर सफाई करते नजर आए। कोई सड़क किनारे पड़े बिल्डिंग मटेरियल्स के ढेर को उठा रहा था, तो कोई नाली की सफाई। सिर्फ यही नहीं नालियों के किनारे के घास भी कुदाल से हटाए गए। राज्यपाल के आगमन से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि धोबी घाट में कई वर्षो के बाद आज सफाई दिखायी दी। अन्य दिनों में यहां कि नालियां प्लास्टिक से जाम रहती हैं। जबकि जगह-जगह पर सूअरों का जमावड़ा रहता है।