पत्नी को दफनाने वाले पति ने खुद कब्र से निकाली लाश
जिस पति ने पत्नी के शव को दफनाया, उसी ने पुलिस की मौजूदगी में निकाला।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में पति द्वारा पत्नी की हत्या कर चुपके से दफनाने के मामले में कब्र से शव निकाला गया। शव को आरोपित पति पप्पू दास गोस्वामी उसी दोस्त के साथ मिलकर निकाला, जिसके साथ दफनाया था। शव निकालने के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में नामकुम सीओ मनोज कुमार और जगन्नाथपुर पुलिस मौजूद थी। शव निकालने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शव से बदबू आ रही थी। पोस्टमार्टम से वापस लाकर अंतिम संस्कार कराया गया। पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट और पेट में चाकू मारना बताया जा रहा है।
बीते बुधवार की रात इंदिरा नगर में रहने वाले ऑटो चालक पप्पू दास गोस्वामी ने अपनी पत्नी रोपनी देवी की हत्या कर न्यू विधानसभा की खाली पड़ी जमीन में दफना दिया था। इधर, आरोपित पति पप्पू दास गोस्वामी ने स्वीकार किया है कि उसने झगड़ा के दौरान पत्नी की हत्या कर दी। रविवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
दूसरे युवक से बात करने पर किया था मारपीट: पति ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि पत्नी के साथ वह बुधवार को कूटे चौक पर मुर्गा खरीदने गया था। भतीजी भी साथ मौजूद थी। वहां से मुर्गा खरीदने के बाद भतीजी और पत्नी को घर जाने के लिए कहा। कुछ देर के बाद वहां से पप्पू लौटा तो देखा कि मुर्गा दुकान में युवक से हाथ पकड़कर बातचीत कर रही थी। सड़क पार कर गुजरा तो गायब हो गई। इसके बाद झोपड़ी के पीछे से निकलती देखी गई। इस पर मारपीट भी किया था। वापस घर आने के बाद भी झगड़ा हुआ। फिर रात में करीब एक घंटे के लिए निकली थी। वापस लौटने पर पूछा तो झगड़ा कर बैठी।
इसी में उसे गुस्से से मारपीट कर दिया। मारपीट के दौरान वह बेहोश होकर गिर गई थी। सुबह पांच बजे उठा तो देखा कि पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद दोस्तों को बुलवाकर झूठ बोला कि पत्नी बीमार थी मौत हो गई। मोहल्ले वाले साथ नहीं देते, इसलिए चलो दफन कर देते हैं। इसके बाद दफन कर दिया। दफन करने के बाद फरार हो गया था। कमरे से कपड़ा लेने के लिए पहुंचा तो वह पकड़ा गया।