पत्नी को मारकर शव दफनाने वाला पति गिरफ्तार
तुपुदाना : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में पति द्वारा पत्नी की हत्या कर चुपके से दफना देन
तुपुदाना : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में पति द्वारा पत्नी की हत्या कर चुपके से दफना देने का आरोपित पति पप्पू दास गोस्वामी गिरफ्तार हो गया है। शुक्रवार को सुबह पुलिस ने उसे जगन्नाथपुर इलाके से दबोच लिया। इधर शव को दूसरे दिन गढ्डे से निकालने की तैयारी पूरे दिन होती रही। लेकिन मजिस्ट्रेट की अनदेखी से शव नहीं निकाला जा सका। जबकि जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अनूप कर्मकार ने फोन पर एसडीओ और नामकुम बीडीओ को सूचना दी थी। एसडीओ को लिखित पत्र भी भेजा। इसके बावजूद मजिस्ट्रेट की नियुक्ति नहीं हुई। न ही कोई दफनाए स्थल पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह उसका शव निकाला जाएगा। इस मामले में झारखंड राज्य कुष्ठ कल्याण समिति की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर ग्रामीणों ने पप्पू दास गोस्वामी का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। वहां से उसे भगा दिया जाएगा। जेल से निकलने के बाद भी उसे इंदिरा नगर में नहीं रहने दिया जाएगा।
----
दोस्तों के साथ मिलकर किया था दफन :
इंदिरा नगर में रहने वाले ऑटो चालक पप्पू दास गोस्वामी ने अपनी पत्नी गुड़िया देवी की हत्या करने के बाद शव को दफना दिया था। दफनाया जाने वाला स्थल उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खाली पड़ी जमीन पर दफना दिया। जहां शव को दफनाया गया वह सुनसान जगह है। पूरा इलाका न्यू विधानसभा के लिए अधिग्रहित है। आसपास के लोगों ने जब शव को दफनाया हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
---------------
तीज का व्रत रखी पत्नी को मार डाला था :
पुलिस जब मामले की जांच के दौरान पप्पू के बंद पड़े घर पर पहुंची तो देखा कि घर में आलता का रंग फैला था। पुलिस ने इसका पता लगाया तो पता चला कि पत्नी गुड़िया ने तीज का व्रत रखी थी। उसी में उसकी पिटाई कर दी थी। बताया जा रहा है कि कूटे चौक पर पती-पत्नी मुर्गा खरीदने गए थे। वहां किसी बात को लेकर पप्पू अपनी पत्नी को पीटने लगा था। स्थानीय लोगों ने रोका भी था। विरोध के दौरान लोगों ने लप्पड़-थप्पड़ भी की थी। लेकिन घर लौटने के बाद फिर मारपीट कर मार डाला था। इधर शव को भी दफनाने के बाद उसके ऊपर चुनरी डाल दिया गया था। वहीं पर कपड़ा भी सारा फेंक दिया गया था।