शिबू सोरेन से मिले गुलाम नबी आजाद, चुनावी गठबंधन पर की बात
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर प्रधानमंत्री को घेरा।
रांची, जेएनएन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच चुनावी गठबंधन पर बातचीत हुई। आजाद ने प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेताओं संग बैठकें की।
मीडिया से बातचीत में गुलाम नबी आजाद ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर प्रधानमंत्री को घेरा। बोले, सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी की स्वीकृति के बगैर प्रधानमंत्री ने काफी ज्यादा दर पर फ्रांस संग डील किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के काम करने के तौरतरीके को कोसा।
हेमंत सोरेन बोले, विपक्षी गठबंधन हुआ मजबूत
हेमंत सोरेन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन मजबूत हुआ है। झारखंड में भी सामान्य मुद्दों पर विपक्षी दल एकजुट है। भारत बंद के दौरान विपक्षी दलों की एकजुटता से भाजपा में बेचैनी है।
मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी कांग्रेसः डॉ. अजय कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। झारखंड में भाजपानीत गठबंधन सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। कांग्रेस सभी विपक्षी दलों की एकजुटता के पक्ष में है।
इस मौके पर उनके साथ हेमंत सोरेन, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार भी मौजूद थे।