भाजपा ने कहा, पत्थलगड़ी का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही कांग्रेस
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने काग्रेस पर पत्थलगड़ी के मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार के उस बयान पर कड़ा एतराज जताया है जिसमें उन्होंने नेशनल हाइवे पर पत्थलगड़ी करने की बात कही है। उन्होंने कहा डॉ. अजय को झारखंड के बारे में कुछ पता ही नहीं। झारखंड की परंपरा और संस्कृति के बारे में वे नहीं जानते इसलिए वह सड़कों पर पत्थलगड़ी करने की बात कर रहे हैं।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पत्थलगड़ी आदि काल से चली आ रही एक परंपरा है जो किसी की मृत्यु और किसी क्षेत्र का सीमाकन करने के लिए की जाती है। डॉ अजय कुमार का नेशनल हाईवे पर पत्थलगड़ी करके हड्डी तोड़ हाईवे का सूचना-पट्ट लगाने का बयान झारखंड की मूल संस्कृति और परंपरा के विपरीत है। यहां के आदिवासियों और मूलवासियों का भी अपमान है। उनकी परंपरा को अजय कुमार गलत तरीके से परिभाषित कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे दिल्ली, आज तय होगी आंदोलन की रूपरेखा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार बुधवार को नई दिल्ली गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में सभी को संबंधित राज्यों में विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन के लिए कहा जाएगा। झारखंड में राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन को लेकर टास्क दिए जाने की संभावना है। एक बात तो तय है कि सभी राज्यों में कांग्रेस पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों पर आंदोलन करेगी, इसके अलावा राज्य के स्थानीय मुद्दों पर भी आंदोलन की जानकारी दी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों की सूची लेकर डॉ. अजय कुमार दिल्ली पहुंचे हैं। वहां अहमद पटेल समेत वरीय नेताओं से भी बात होगी।