हवाई यात्रा के शौकीन युवाओं की बढ़ रही संख्या
रांची के युवा अब ट्रेन छोड़ हवाई यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। ऐसा संभव हुआ है एयर लाइन द्वार भाड़े में कटौती के कारण।
नरेंद्र मिश्रा, रांची : हवाई सफर का आनंद लेनेवालों में अब राजधानी युवा भी पीछे नहीं हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग पैतीस सौ यात्री उड़ान भरते हैं, जिसमें युवाओं की संख्या लगभग साठ फीसद होती है। रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले पांच यात्रियों में तीन यात्री युवा होते हैं, जिनकी उम्र 16 से 35 वर्ष के बीच होती है। हवाई सफर अब बिजनेस और ऑफिसर्स क्लास तक ही सीमित नहीं रहा। हवाई सफर करने वाले युवाओं में बिजनेसमैन, नौकरी पेशा से जुड़े युवाओं के साथ छात्र भी शामिल हैं। युवाओं के बजट में हवाई सफर अब शामिल हो चुका है।
एयरलाइंस अधिकारियों की मानें तो साठ प्रतिशत युवा रांची एयरपोर्ट से प्रतिदिन उड़ान भरते हैं। रांची एयरपोर्ट से विमान की संख्या बढ़ने और हवाई टिकट सस्ता होने से हवाई सफर आसान हो गया है। दिया जा रहा डिस्काउंट ऑफर विभिन्न एयरलाइंस द्वारा यात्रियों को समय-समय पर हवाई किराया पर डिस्काउंट ऑफर दिया जाता रहा है। जिसका लाभ अन्य यात्रियों के साथ युवाओं को भी मिलता रहता है। इसके अलावा आज के दौर में युवा समय के पाबंद हो चुके हैं। पैसे से ज्यादा अब युवा समय की बचत चाहते हैं। ट्रेन से एक जगह से दूसरे जगह सफर करने में कई घंटा लग जाता है। साथ ही ट्रेन की लेट लतीफी में एक्स्ट्रा समय की बर्बादी होती है। समय की बचत को लेकर युवा हवाई सफर की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं। हवाई सफर के माध्यम से युवा कुछ घंटे में ही दूसरे महानगरों का सफर कर लेते हैं। यूं कहें तो बदलते समय के साथ हवाई सफर अब ग्लैमर नहीं रहा। शहर वासियों के लिए अब हवाई सफर सामान्य हो चुका है। दस नई विमान सेवाएं हुईं शुरू अब प्रोफेशनल ही नही छात्र भी हवाई सफर कर रहे हैं। रांची एयरपोर्ट से लगातार विमान सेवा का विस्तार हो रहा है। पिछले एक वर्ष में 10 नई विमान सेवाएं शुरू हुई हैं।
सेवा बढ़ने से विमान किराया में भी सस्ता हुआ है। एयरपोर्ट से पिछले वर्ष जहां 14 विमान उड़ानें भरती थी, वहीं वर्तमान में पांच एयरलाइंस के 24 विमान सेवाएं दे रही हैं। विमान किराया सस्ता होने से हवाई सफर लोगों के वजट में शामिल हो गया है। यही वजह है कि अब युवा रेल की जगह हवाई सेवा ज्यादा पसंद कर रहे हैं। रेल की टू टीयर एसी किराया की दर पर अब रांची से हवाई सफर उपलब्ध हो रही है। रांची से दिल्ली के लिए तीन हजार से 32 सौ रुपये में हवाई सफर हो रहा है। प्रतिक्रिया- पिछले एक साल की तुलना में रांची एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में जबर्दस्त वृद्धि हुई है। खासकर युवा यात्री ज्यादा हवाई सफर कर रहे हैं। लगभग साठ फीसद युवा रांची से उड़ान भर रहे हैं। विमान सेवा बढ़ने से सस्ती विमान सेवा उपलब्ध हो रही है। प्रभात रंजन बेउरिया, निदेशक, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची।