Move to Jagran APP

कल रांची पहुंचेगा अटल जी का अस्थि कलश

राज्य ब्यूरो, रांची : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश 22 अगस्त को रांच

By JagranEdited By: Published: Tue, 21 Aug 2018 07:48 AM (IST)Updated: Tue, 21 Aug 2018 07:48 AM (IST)
कल रांची पहुंचेगा अटल जी का अस्थि कलश
कल रांची पहुंचेगा अटल जी का अस्थि कलश

राज्य ब्यूरो, रांची : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश 22 अगस्त को रांची पहुंचेगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में 22 अगस्त को अस्थि कलश सौंपा जाएगा। इसी दिन वे पूर्व प्रधानमंत्री का अस्थि कलश लेकर रांची पहुंचेंगे। रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, राज्य सरकार के सभी मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी अस्थियों को रिसीव करेंगे। भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के उपरांत यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने दी।

loksabha election banner

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वे प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा के साथ अटल जी की अस्थियों को लाने के लिए दिल्ली जाएंगे। 22 अगस्त को दस बजे भाजपा मुख्यालय में अस्थि कलश उन्हें सौंपा जाएगा। इसी दिन शाम 4.30 बजे वे रांची पहुंचेंगे। हवाई अड्डे से अस्थि कलश को हरमू रोड स्थित कार्निवाल सभागार लाया जाएगा जहां, सार्वजनिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। प्रार्थना सभा में विपक्षी दलों के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, अनंत ओझा, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव व मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

---

सभी प्रमंडलों की प्रमुख नदियों में होगा विसर्जन

महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि राज्य के सभी पांच प्रमंडलों की पांच प्रमुख नदियों में पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। इस क्रम में 23 अगस्त को रांची के नामकुम में स्वर्ण रेखा नदी में अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा सहित क्षेत्र के सांसद, विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। 24 अगस्त को रामगढ़ में दामोदर, साहिबगंज में गंगा, मेदिनीनगर में कोयल और बहरागोड़ा में स्वर्ण रेखा नदी विसर्जन होगा। रामगढ़ के कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, जयंत सिन्हा, रवींद्र कुमार राय और प्रदीप वर्मा समेत अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। जबकि मेदिनीनगर के कार्यक्रम में मंत्री सीपी सिंह, राम चंद्रवंशी आदित्य साहू व सुनील कुमार सिंह उपस्थित रहेंगे। साहिबगंज में मंत्री लुइस मरांडी, राज पलिवार, रणधीर सिंह एवं अनंत ओझा और बहरागोड़ा के कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, सरयू राय, समीर उरांव, दिनेशानंद गोस्वामी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। विसर्जन के दौरान सभी प्रमंडलों के भाजपा सांसद और विधायक उपस्थित रहेंगे।

------------

प्रदेश भाजपा ने स्वीकारा सूची में नहीं था झारखंड की नदियों का नाम प्रदेश भाजपा ने स्वीकारा है कि मुख्यालय के स्तर से विसर्जन को लेकर जारी सूची में झारखंड की नदियों का नाम नहीं था। महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि मुख्यालय के स्तर से सूची को संशोधित कर लिया गया है और जारी दूसरी सूची में झारखंड की नदियों को शामिल किया गया है।

-----

सार्वजनिक प्रार्थना सभा, हेमंत से मिले लक्ष्मण गिलुवा

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में 22 अगस्त को रांची में आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा किसी बैनर तले आयोजित नहीं होगी। सभा में मौजूद रहने के लिए भाजपा के शीर्ष नेता सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस क्रम में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन से मुलाकात भी की। झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस व राजद के अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। पार्टी के स्तर से तय किया गया है कि 30 अगस्त तक सभी 26 जिलों के 517 मंडलों में सार्वजनिक शोक सभा आयोजित की जाएगी।

----

अटल जी की जीवनी पढ़ेंगे बच्चे

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सदैव हमारे आदर्श एवं प्रेरणास्त्रोत बने रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी को स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल करेगी ताकि आनेवाली पीढ़ी उनके विचारों और उनके कार्यो के बारे में जाने। इस संबंध में शिक्षा मंत्री को निर्देश भी राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी झारखंड के निर्माता हैं।

---

भाजपा का प्रमंडलीय सम्मेलन 25 से

चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने प्रमंडलीय सम्मेलन की रणनीति बनाई है। इन सम्मेलनों में विधानसभावार गठित कोर कमेटियों के सदस्य, प्रमंडलीय प्रभारी व उक्त प्रमंडल के कार्यसमिति सदस्य भाग लेंगे। प्रमंडलीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी उपस्थित रहेंगे। उत्तरी छोटानागपुर का प्रमंडलीय सम्मेलन 25 अगस्त को बोकारो में होगा। इसी दिन कोल्हान प्रमंडलीय सम्मेलन बहरागोड़ा में होगा। 29 अगस्त को पलामू के मेदिनीनगर और दक्षिणी छोटानागपुर के रांची में सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संताल परगना के देवघर में 31 अगस्त को प्रमंडलीय सम्मेलन का आयोजन होगा।

---


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.