Move to Jagran APP

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बोले, रघुवर का सीना 5.6 इंच का; भाजपा का पलटवार

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था से लोगों का विश्वास उठ चुका है। उन्होंने डीजीपी पर भी भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया।

By Edited By: Published: Thu, 26 Jul 2018 08:07 AM (IST)Updated: Thu, 26 Jul 2018 06:42 PM (IST)
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बोले, रघुवर का सीना 5.6 इंच का; भाजपा का पलटवार
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बोले, रघुवर का सीना 5.6 इंच का; भाजपा का पलटवार

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार का दावा है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास का सीना महज 5.6 इंच का है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के नेता बेकाबू भीड़ की हिंसा (मॉब लिंचिंग) को उचित ठहराने में लगे हुए हैं और यही कारण है कि इनके सांसद बेकाबू भीड़ की हिंसा में शामिल लोगों को खुलेआम सम्मानित करते हैं। उन्होंने सरकार पर बिजली विभाग को पूरी तरह से प्राइवेट हाथों में देने की साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि एक साजिश के तहत तेनुघाट विद्युत निगम लिमिटेड के एमडी के पद पर किसी को बैठाया नहीं गया है। सरकार ने जान बूझकर बिजली की कीमतें बढ़ाई हैं।

loksabha election banner

इसके पूर्व डॉ. अजय ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था से लोगों का विश्वास उठ चुका है। उन्होंने डीजीपी पर भी भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया। कहा कि वे सरकार के पक्ष में किसी भाजपा कार्यकर्ता से बेहतर नारा लगाते हैं। स्वामी अग्निवेश की पिटाई पर उनकी टिप्पणी थी कि इससे सत्ता में शामिल दल के कार्यकर्ताओं का संस्कार दिखता है। उनकी पिटाई करने वालों में एक भी अनुसूचित जाति का आरोपी नहीं है और यह साबित करता है कि यह पूर्व नियोजित था। डॉ. अजय ने विधानसभा में सीपी सिंह के बयान की भी भ‌र्त्सना की और कहा कि अगले चुनाव में जनता उन्हें सजा देगी। दो करोड़ लोगों को हर वर्ष रोजगार का वादा करने वाली सरकार पकौड़े बेचने का काम देकर और खिलाड़ियों से खाना परोसने को कहकर इसे रोजगार साबित करने पर डटी हुई है। कहा, राफेल डील में फ्रांस को एतराज नहीं तो सरकार को क्यों?

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय ने राफेल डील पर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। कहा, फ्रांस को राफेल सौदे को लेकर किसी प्रकार के खुलासे से इनकार नहीं है तो फिर मोदी सरकार सच्चाई क्यों छिपाना चाहती है। उन्होंने इसे मामले में गड़बड़ी करने का आरोप प्रधानमंत्री मोदी पर लगाते हुए मांग की कि मोदी को सदन में झूठ बोलने के लिए माफी मांगनी चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि 526 करोड़ रुपये का प्लेन किस आधार पर 1600 करोड़ रुपये में खरीदी जा रही है। इससे कम कीमतों पर तो कतर और इजिप्ट जैसे देशों ने इससे कम कीमतों पर खरीदारी की है।

भाजपा का पलटवार, झारखंड को नहीं जानते डॉ. अजय
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कर्नाटक निवासी डॉ. अजय कुमार को झारखंड के बारे में जानकारी कम है, इसीलिए वे झारखंड के बारे में बेसिर पैर की बातें कर रहे हैं। शाहदेव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यूपीए की दोनों सरकारों की बराबरी तो एनडीए किसी जन्म में नहीं कर सकती, क्योंकि जितने घोटाले इन दोनों सरकारों में हुए थे वह अपने आप में विश्व रिकॉर्ड हैं। उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग की बात करने वाले कांग्रेसियों को शर्म महसूस करनी चाहिए क्योंकि 1984 के सिख दंगे भारत के इतिहास के अब तक के सबसे बड़े मॉब लिंचिंग का उदाहरण है, जिसे तत्कालीन सरकार का संरक्षण प्राप्त था।

शाहदेव ने कहा कि डीजीपी पर निशाना साधने से पहले अजय कुमार को खुद का ट्रैक रिकॉर्ड देखना चाहिए कि उन्होंने जमशेदपुर चुनाव जीतने के लिए किन राष्ट्र विरोधी शक्तियों का साथ लिया था। उस समय के टेलीफोन टैपिंग कांड को अभी तक प्रदेश नहीं भूला है। राफेल डील पर कहा कि भाजपा की सरकार के लिए देश की संप्रभुता सबसे प्रमुख मुद्दा है। क्या डॉ. अजय कुमार और कांग्रेस यही चाहते हैं कि विमान की सभी तकनीकी जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा की जाए?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.