छात्राओं से बदसुलूकी की शिकायत पर दंडित गोमिया विधायक का भतीजा फरार, बरामद
देव कपूर के खिलाफ स्कूल की तीन छात्राओं ने बदसुलूकी संबंधित लिखित शिकायत प्रिंसिपल से की थी। यह मामला बीते मंगलवार का है।
रांची, जेएनएन। राजधानी के जेवीएम श्यामली स्कूल में पढ़ने वाले गोमिया विधायक बबीता देवी का भतीजा देव कपूर छात्राओं से बदसुलूकी की शिकायत पर वाइस प्रिंसिपल से दंडित होने के बाद गुरुवार की सुबह फरार हो गया था। अपहरण की आशंका से परिजन से लेकर पुलिस तक परेशान रही। उसे दूसरे दिन शुक्रवार की दोपहर वाराणसी से बरामद कर लिया गया।
फिलहाल उसे वाराणसी आरपीएफ में रखा गया है। देव कपूर ने गायब रहने के दौरान अपनी मां को कॉल किया था। जिस नंबर से कॉल किया था, उस नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया। इसके बाद छात्र की बरामदगी में सहयोग मांगा। वहीं नंबर को सर्विलांस पर रखकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इस बीच वाराणसी आरपीएफ के सहयोग से उसे बरामद कर लिया गया। डोरंडा पुलिस एक टीम और परिजन उसे लेने के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है देव कपूर के खिलाफ स्कूल की तीन छात्राओं ने बदसुलूकी संबंधित लिखित शिकायत प्रिंसिपल से की थी। यह मामला बीते मंगलवार का है। इसके बाद डांटते हुए उसे परिजनों को स्कूल लाने के लिए कहा गया था। इससे वह तनाव में था। गुरुवार को देव स्कूल परिसर पहुंचा था। लेकिन क्लास पहुंचने की बजाए वह गायब हो गया। इसके बाद परेशान परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सिटी एसपी अमन कुमार, डोरंडा इंस्पेक्टर आबिद खान सहित अन्य ने मिलकर उसकी तलाश में हर पहलू को खंगाला। अंत में उसके वाराणसी में होने की जानकारी मिली। इधर घटना के बाद विधायक बबीता देवी, पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, छात्र के पिता चित्रगुप्त महतो सहित बड़ी संख्या में परिजन डोरंडा थाना पहुंचे थे। -
बदसुलूकी की लिखित शिकायत के बाद जड़े थे दो थप्पड़ : नवीं कक्षा की क्लास मॉनिटर और दो अन्य छात्राओं ने स्कूल के प्रिंसिपल से बदसुलूकी की लिखित शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद देव कपूर सहित छह छात्रों को प्रिंसिपल चैंबर में बुलाया गया था। वहां आरोप लगाने वाली क्लास मॉनिटर भी मौजूद थी। चैंबर में वाइस प्रिंसिपल एसके झा ने सभी को फटकार लगाई थी। वहीं देव कपूर को दंडित किया गया था। उसे दो थप्पड़ मारते हुए टीसी देने की चेतावनी दी थी। साथ ही परिजनों को बुलाने को कहा था। छात्र ने अपने दोस्तों से कहा था कि माता-पिता को बेइज्जत कराना ठीक नहीं लगता। इसलिए नहीं बुला पाएंगे। छात्र को थप्पड़ मारे जाने पर पिता चित्रगुप्त महतो ने स्कूल प्रबंधन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर से बोला डांस में है रुचि, ऑडिशन के लिए आया था : वाराणसी में बरामद होने के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर के पास देव कपूर ने कहा कि उसे डांस में रुचि है। इसलिए वह रांची से वाराणसी पहुंचा है। मा-पिता को कहने के बावजूद वे पढ़ाई में ध्यान देने की बात कहते हैं। उसकी रुचि पर किसी का ध्यान नहीं है।
मां को कॉल कर बोला, अब तंग नहीं न कर रहा हूं : पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे देव कपूर ने अपनी मां को कॉल किया था। कॉल कर बोला था कि मां अब मैं तुम्हे तंग नहीं कर रहा हूं। मैं वाराणसी आ गया हूं, मुझे मत ढूंढना। इस पर मां ने अपनी बीमारी का हवाला देकर लौटने की बात कही। लेकिन उसने मना कर कॉल काट दिया। इसी कॉल के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची।
घर से भाई के साथ निकला था स्कूल : देव कपूर गुरुवार की सुबह करीब 7:30 बजे कोकर चौक स्थित रिवर्सा अपार्टमेंट से स्कूल बस से स्कूल के लिए निकला था। उसके साथ चचेरा भाई राजकपूर (विधायक बबीता देवी का बेटा) भी स्कूल गया था। वह स्कूल परिसर पहुंचा, इसके बार वहां से गायब हो गया। रास्ते में उसने कपड़ा बदल लिया था।
दो छात्र पूरी रात रहे हिरासत में : छात्र के गायब होने के बाद उसे दो दोस्त पूरी रात और शुक्रवार को पूरे दिन डोरंडा थाने के हिरासत में रहे। उनसे पूछताछ की। दानों छात्रों ने पूरी घटना की जानकारी दी। इधर शाम में वाइस प्रिंसिपल को भी थाने बुलवाया गया था।
'छात्र की सकुशल बरामदगी कर ली गई है। इसके लिए पुलिस की पूरी टीम जुटी थी। सकुशल बरामदगी पुलिस व परिजनों के लिए बड़ी राहत की बात है।'
अमन कुमार, सिटी एसपी राची।
'तीन छात्राओं से छेड़खानी की शिकायत पर चेतावनी स्वरूप स्लैप किया था। वह अपना बच्चा था, सुधार के लिए उसे एहसास कराया गया। काउंसिलिंग के लिए परिजनों को बुलवाया गया था। लेकिन वह स्कूल आना छोड़कर कहीं और चला गया।'
समरजीत जाना, प्राचार्य, जेवीएम श्यामली रांची।