झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश, गर्मी से मिली राहत
मौसम विभाग के निदेशक बीके मंडल के मुताबिक, रांची, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में मानसून की बारिश हो रही है।
रांची, जेएनएन। लंबे इंतजार के बाद झारखंड में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक बीके मंडल ने इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, रांची, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में मानसून की बारिश हो रही है। बारिश से गर्मी से राहत मिल गई है। दो-तीन दिनों में पूरे झारखंड में मानसून की बारिश होगी। अगले सप्ताह अच्छी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को वज्रपात से गुमला और लोहरदगा में दो लोगों की मौत हो गई। गुमला के भरनो प्रखंड के सिंगरौली गांव में ठनका से एक किसान और दो पशुओं की मौत हुई, वहीं लोहरदगा जिले के किस्को थाना अंतर्गत परहेपाट गांव में वज्रपात की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई।
रविवार को हुए वज्रपात में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सबसे ज्यादा पांच लोगों की मौत बोकारो जिले में हुई। जिसमें से चार दोस्त शामिल है। वहीं, जामताड़ा में दो लोगों की व चतरा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अगले 24 घंटों में झारखंड में मानसून पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, सियालजोरी थाना इलाके के अलकुशा गांव में रविवार को हृदयविदारक घटना घटी। जिसमें चार किशोर की एक साथ मौत हो गई अरुण कुमार महतो का पुत्र संदीप कुमार महतो (16), स्वर्गीय हातिम साईं का पुत्र लादेन साईं (15), असलम साईं का पुत्र तबरेज साईं (14) और मारुफ साईं का पुत्र फारुख साईं (14) एक साथ घर से खेलने निकले थे।
गांव वालों के अनुसार बच्चे खेल रहे थे तभी बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए अपने साथ खेल रहे संदीप कुमार महतो के सीढ़ी घर में जाकर सभी बैठ गए। सीढ़ी घर में दरवाजा नहीं था लेकिन यहां बारिश का पानी नहीं पहुंचता था। अचानक संदीप के घर की छत पर वज्रपात हुआ और सीढ़ी घर में बैठे चारों किशोर इसकी चपेट में आ गए।
मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक पिछले तीन दिनों से आसमान में छा रहे बादल और हल्की बारिश प्री मानसून की गतिविधियां हैं और मानसून के प्रभाव से ही इस समय उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सकरुलेशन बना हुआ है। इसी के कारण झारखंड के अधिकतर इलाकों में रविवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।
इधर, मौसम विभाग ने रविवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जो लगभग सामान्य था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। विभाग ने कुल तीन मिमी बारिश रिकार्ड किया।