सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी, लोग परेशान
जाम नाली से नहीं मिल सका है निजात, बरसात के दिनों में और भी गंभीर हो जाती है स्थिति।
जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी में सफाई व्यवस्था अभी भी नगर निगम के लिए चुनौती का विषय है। यही वजह है कि इतनी कवायदों के बाद भी शहर के मुख्य क्षेत्रों में सफाई संबंधी समस्याएं हमारे सामने से दूर नहीं हो रही है। वार्ड 38 में एचईसी के सेक्टर तीन की वर्तमान स्थिति इन बातों का सत्यापन करती है। इस क्षेत्र में जाम नालियां और घर के कचरे के उठाव में उत्पन्न समस्याएं अब आम हो चुकी हैं। लोग परेशान हैं, कई बार शिकायत की गई है लेकिन कार्रवाई के नाम पर अभी तक कुछ नहीं किया गया है।
लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे की नालियां अकसर जाम रहती हैं। इनके जाम रहने की वजह से नालियों में जब पानी भरता है तो वह सड़क पर पहुंच जाता है। सड़क पर बहने से लोगों को आने जाने में परेशानी तो होती ही है, साथ ही आस-पास रह रहे लोगों को भी दुर्घध से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें आती है।
खुले रहने की वजह से जाम हो जाती है नालियां :
सेक्टर तीन की नालियों के जाम होने की वजह उनका खुला होना है। नालियों को ढकने के स्पष्ट निर्देश के बावजूद भी अन्य नालियों की ही तरह यहां की भी नालियां खुली है। इसका परिणाम यह होता है कि हवा और अन्य कारणों से आस-पास का कूड़ा कचरा भी नाले में जमा हो जाता है। लोग भी खुली नाली में घर का कूड़ा फेकने से बाज नहीं आते।
नहीं हो रहा है डोर-टू-डोर कचरे का उठाव :
समस्याओं की कड़ी में एक समस्या कचरे के उठाव का भी है। सेक्टर तीन के लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि घरों से कचरा उठाने की कोई भी प्रक्रिया नहीं अपनाई गई है। जो लोग कचरा उठाने के लिए आते हैं वे दूर कूड़ा वाहन ले कर खड़े रहते हैं। उनका भी आना अनियमित ही रहता है। ऐसे में लोगों के पास कूड़े को नाले में डालने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचता।
बारिश के पानी के निकलने के लिए नहीं है रास्ता :
लोगों ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में पानी के निकास को ले कर समस्या गंभीर हो जाती है पानी के निकलने के लिए कोई रास्ता नहीं है। नालियों की बनावट ऐसी नहीं है कि बरसात का पानी उसमें से निकल सके। ऐसे में घर के आस पास पानी जमा होता है और परेशानी का कारण बनता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी इसके लिए कोई समाधान नहीं किया गया है।
मुझे पार्षद बने हुए एक ही महीना हुआ है। क्षेत्र में समस्याएं काफी ज्यादा है, धीरे-धीरे दूर करने के लिए प्रयासरत हूं। सड़क संबंधी शिकायतों और अन्य परेशानियों को दूर करने के लिए मैं संकल्पित हूं। : दीपक कुमार लोहरा, वार्ड पार्षद, वार्ड - 38।
इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या यहां की नालियां हैं। से हमेशा जाम रहती हैं और इस कारण जिसे गंदे पानी को बहना चाहिए वो जमा हो कर बीमरियां फैलाता है।
: राजीव कुमार।
घर के बाहर पानी जमा रहता है। बरसात में समस्या और भी गंभीर हो जाती है। सड़क और नालियों के निर्माण के समय ढंग से सोचा नहीं गया, आज परेशानी हो रही है।
: सुनील कुमार।
कूड़ा उठाने वाली गाड़ी घर तक नहीं आती है। उनके आने का कोई समय भी नहीं है। ऐसे में हमें उनके इंतजार में खड़ा रहना पड़ता है। कई बार घर का कचरा घर में ही रह जाता है
: सुनील जायसवाल।
सड़क और नालियों की स्थिति बेहद बुरी है। कितनी बार शिकायत की गई है लेकिन अभी तक कोई भी कार्य नहीं हुआ है। हमारी समस्याओं को देखने वाला कोई नहीं है।
: टुनटुन प्रसाद।
सड़क के किनारे की नालियां जर्जर हो चुकी हैं। बनने के बाद कभी ना तो मरम्मत हुई और ना ही सफाई। दोनों के अभाव में नालियां नष्ट हो रही है और समस्या गंभीर हो चुकी है।
: विकास कुमार।