अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर स्कूलों में सुनिश्चित कराएं योग
21 जून को मनाए जाने वाले इंटरनेशनल योग दिवस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने रांची के सभी स्कूलों में बच्चों के बीच योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।
रांची : अंतराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को है। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले के सरकारी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में योग किए जाने की तैयारी है। ताकि विद्यार्थियों में योग के प्रति उत्साह और माहौल बन सके। योग, ग्राम स्वराज अभियान, मिजिल्स-रूबैला अभियान की समीक्षा जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) शिवेंद्र कुमार ने की। वे गुरुवार को क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उक्त अभियान को तेजी से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक बीएमपी ग्राउंड डोरंडा स्थित झारखंड शिक्षा परियोजना रांची कार्यालय में हुई। डीएसई ने ग्राम स्वराज अभियान, मिजिल्स-रुबैला अभियान के बारे में बताया। कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के द्वितीय चरण में जिले के 685 गांवों में शिक्षा, आधार कार्ड, बिजली व्यवस्था, स्कूल आदि मूलभूत सुविधाओं पर कार्य किया जाना है। साथ ही स्कूल में बच्चों की उपलब्धि स्तर को आंकना है। शिक्षकों की संख्या कितनी है। पदाधिकारी इससे संबंधित रिपोर्ट तैयार विभाग को शीघ्र सौंपे। बच्चों के खाते में उनके पोशाक की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जानी है। शिक्षकों का रेशनलाइजेशन (विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षकों की संख्या) करना है। इसके लिए भी निर्देश दिया।
डीएसई ने निकासी एवं व्ययन प्रधानायापकों से जानकारी भी ली। बताया गया कि जिले के पारा शिक्षकों के मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। जिले के 3053 पारा शिक्षकों का भुगतान किया गया है। 159 शिक्षकों का पीएफएमएस (फिनासियल मैनेजमेंट सिस्टम) फेल कर जाने के कारण उन्हें वेतन नहीं मिल पाया है। शुक्रवार तक उनकी राशि को आरटीजीएस कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पारा शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर जिले को करीब 9 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ था। बैठक में डिप्टी डीएसई उपेंद्र नाथ ठाकुर, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कौशल कुमार, अनगड़ा के क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी प्रमोद प्रसाद, अभियंता जयंत कुमार आदि थे।