Move to Jagran APP

झारखंड निकाय चुनाव में हारी सीटों की समीक्षा करेगी भाजपा

भाजपा हारी हुई सीटों की समीक्षा में जुट गई है। खासकर ऐसी सीटें जिन क्षेत्रों से भाजपा के वर्तमान मंत्री और विधायक आते हैं।

By Sachin MishraEdited By: Published: Mon, 23 Apr 2018 10:30 AM (IST)Updated: Mon, 23 Apr 2018 03:43 PM (IST)
झारखंड निकाय चुनाव में हारी सीटों की समीक्षा करेगी भाजपा
झारखंड निकाय चुनाव में हारी सीटों की समीक्षा करेगी भाजपा

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड निकाय चुनाव की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने के बावजूद भाजपा हारी हुई सीटों की समीक्षा में जुट गई है। खासकर ऐसी सीटें जिन क्षेत्रों से भाजपा के वर्तमान मंत्री और विधायक आते हैं। पार्टी ने ऐसी सीटों पर हार को गंभीरता से लिया है। माना जा रहा है कि ऐसे लोगों से जवाब-तलब किया जा सकता है।

loksabha election banner

निकाय चुनाव के पूर्व प्रदेश स्तर पर हुई बैठकों में भी वरिष्ठ नेताओं को इस बाबत स्पष्ट संकेत दिया जा चुका था। दरअसल, भाजपा निकाय चुनाव को लोकसभा और विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट मानकर चल रही थी। चुनाव को लड़ा भी कुछ इसी अंदाज में गया था। बूथ स्तर तक तैयार किए गए पार्टी के ढांचे की पूरी संरचना को चुनाव में झोंका गया था। मंत्री और विधायकों की भूमिका विशेष तौर पर सुनिश्चित की गई थी। लेकिन चुनाव परिणामों ने बताया कि भाजपा कुछ ऐसी सीटों पर चुनाव हार गई, जिन पर पिछले विधानसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन खासा अच्छा रहा था। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत तीन मंत्रियों और कुछ विधायकों के ऐसे क्षेत्र रहे, जहां पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के क्षेत्र में नगर परिषद के चुनाव में हुई हार को जीत की तरह पेश करने की कोशिश की जा रही है।

पार्टी यह बताने की कोशिश कर रही है कि उनके संसदीय क्षेत्र में ही आने वाले आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में पार्टी ने दोनों सीटों पर जीत हासिल की है। सरायकेला नगर पंचायत में भाजपा अध्यक्ष की जीत को भी उन्हीं के खाते में डाला जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष को छोड़कर किसी अन्य नेता के प्रति पार्टी की यह संवेदना नहीं है। संगठन के स्तर पर हारी हुई सीटों का ब्योरा बूथ स्तर पर मंगाया गया है। भाजपा हार के कारणों की पड़ताल करेगी और संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं से जवाब-तलब। बता दें कि भाजपा की मंत्री लुइस मरांडी, नीरा यादव, राज पलिवार, सहित मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर, सचेतक अनंत ओझा, सिमडेगा विधायक विमला प्रधान जैसे बड़े नेताओं के क्षेत्र में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुछ नेताओं से किया विमर्श

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को संगठन के कुछ पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनसे निकाय चुनाव का फीडबैक लिया। मुलाकात करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, आदित्य साहू, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, सुबोध सिंह गुड्डू, अशोक बड़ाइक व अन्य शामिल थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.