Move to Jagran APP

भाजपा संगठनात्मक चुनाव को लेकर रांची से धनबाद तक बवाल

रांची : भाजपा के अनुशासित कहे जाने वाले कार्यकर्ता इन दिनों बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। संगठन चुनाव म

By Edited By: Published: Fri, 12 Feb 2016 01:32 AM (IST)Updated: Fri, 12 Feb 2016 01:32 AM (IST)

रांची : भाजपा के अनुशासित कहे जाने वाले कार्यकर्ता इन दिनों बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। संगठन चुनाव में वे पार्टी को कठघरे में खड़ा करने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। इसकी बानगी गुरुवार को रांची और धनबाद में एक साथ देखने को मिली। दोनों ही जगहों पर कार्यकर्ताओं ने खूब नारेबाजी की।

loksabha election banner

रांची में हरमू मंडल के चुनाव में नकारे गए अखिलेश्वर तिवारी ने गुरुवार को भी बगावत का झंडा बुलंद रखा। रातू से आए कार्यकर्ता भी राजन साहू की भूमिका पर सवाल उठाते दिखे। 50-60 लोगों के साथ अलग-अलग गुटों में भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे रातू और हरमू मंडल के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। रातू कार्यकर्ता चुनाव प्रभारी राजन साहू की भूमिका पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि रातू मंडल की बैठक में देवेंद्र बैठा के नाम पर सहमति हुई थी लेकिन वहां गोपाल साहू के नाम की घोषणा कर दी गई। रातू से आए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय के समक्ष बकायदा धरना दिया। वहीं अखिलेश्वर तिवारी ने किसी वरिष्ठ नेता को न पाकर कार्यालय मंत्री मधुसूधन जरूहार को ज्ञापन सौंपा। अखिलेश्वर विवाद निपटारा समिति के सदस्य सूर्यमणि सिंह की भूमिका पर भी आरोप मढ़ रहे हैं। उन्होंने इस बाबत प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सौदान सिंह तक को पत्र भी लिखा है।

चंद्रशेखर को मिला 20 से ज्यादा मंडल अध्यक्षों का समर्थन

धनबाद : जमकर चले लात-घूसों के बीच गुरुवार को चंद्रशेखर सिंह को धनबाद जिला भाजपा का नया अध्यक्ष चुना गया। मंडल अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों से रायशुमारी के बाद गुरुवार को जिला चुनाव प्रभारी मनोज सिंह ने सर्वसम्मत राय से चंद्रशेखर सिंह को जिलाध्यक्ष निर्वाचित किये जाने की घोषणा की। हालांकि रायशुमारी के दौरान चुनाव प्रभारी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष के दावेदार अरुण राय के समर्थकों ने हंगामा भी किया।

तीन बार से जिलाध्यक्ष बनने से चूक रहे चंद्रशेखर सिंह गुरुवार को चौथे प्रयास में कामयाब रहे। सिंह ने 2007, 2009 और 2013 जिलाध्यक्ष बनने का प्रयास किया था। अध्यक्ष न बनने की स्थिति में सिंह बार-बार महामंत्री बनाकर जिला कमेटी में एडस्जट किये जा रहे थे। भाजपा सांसद पीएन सिंह, विधायक फूलचंद मंडल, राज सिन्हा और संजीव सिंह को समर्थन मिलने के बाद अबकी चंद्रशेखर का पलड़ा पहले से ही भारी माना जा रहा था।

गुरुवार को रायशुमारी शुरू होने से पहले भाजपा सांसद पीएन सिंह के धनसार स्थित आवास पर धनबाद जिला भाजपा के 22 मंडल अध्यक्षों ने पहुंचकर चंद्रशेखर के समर्थन में परेड किया। इसी के साथ चंद्रशेखर का जिलाध्यक्ष बनना तय हो गया। सांसद के आवास से चंद्रशेखर सिंह 22 मंडल अध्यक्षों के साथ जगजीवन नगर स्थित विधायक राज सिन्हा के घर पहुंचे। सिन्हा का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद सभी चुनाव स्थल अग्रसेन भवन पहुंचे। इसके बाद रायशुमारी की औपचारिकता ही बच गई थी। पर्यवेक्षक प्रदीप सिन्हा और शिवपूजन पाठक की उपस्थिति में जिला चुनाव प्रभारी मनोज कुमार सिंह के समक्ष चंद्रशेखर सिंह, अरुण राय, मुकेश पांडेय, दीपनारायण सिंह और भृगुनाथ भगत ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की। बंद कमरे में एक-एक मंडल अध्यक्षों को बुलाकर राय ली गई। 20 से ज्यादा मंडल अध्यक्षों ने चंद्रशेखर सिंह का नाम लिया। इसके बाद जिला चुनाव प्रभारी मनोज सिंह ने चंद्रशेखर सिंह को सर्वसम्मत से अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की। इसके बाद समर्थकों के साथ सिंह भाजपा कार्यालय पहुंचे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.