अब गिरफ्तार होंगे निम्स के कुलपति डॉ. बीएस तोमर
रांची : चुटिया में एक छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी जयपुर के प्रसिद्ध निम्स विश्वविद्यालय के
रांची : चुटिया में एक छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी जयपुर के प्रसिद्ध निम्स विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बीएस तोमर अब गिरफ्तार किए जाएंगे। न्यायिक दंडाधिकारी राजीव कुमार की अदालत से शनिवार को गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। अब डॉ. तोमर को गिरफ्तार करने के लिए रांची पुलिस की एक टीम शीघ्र ही जयपुर रवाना होगी।
डॉ. तोमर पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूर्व में जब वारंट निर्गत किया गया था कि हाईकोर्ट से वारंट को इसलिए निरस्त कर दिया गया था कि दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पहले स्पष्टीकरण मांगें, तब आगे की कानूनी कार्रवाई करें। रांची पुलिस ने डॉ. तोमर से स्पष्टीकरण पूछा था, जिसके बाद पिछले दिनों उनके अधिवक्ता ने अपना लिखित स्पष्टीकरण दिया था।
अब छानबीन के बाद वरीय अधिकारियों के आदेश पर कांड के अनुसंधानकर्ता ने डॉ. तोमर की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था, जिसके बाद कोर्ट से पुन: गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
छात्रा ने चुटिया थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि डॉ. तोमर उसे स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ संबंध बनाना चाहते थे। रांची में एक कार्यक्रम के दौरान होटल बीएनआर में उन्होंने बुलाया था और दुष्कर्म का प्रयास किया था। चुटिया पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।