काेडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में अब बोरिंग के लिए देना होगा 1000 रुपये शुल्क
Jharkhand News Today. सभी वार्डों में दो-दो हैंडपंप लगाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए सूची सदस्यों से मांगी गई।
कोडरमा, जासं। कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में घरों में बोरिंग कराने पर अब नगर पंचायत में शुल्क के रूप में ₹1000 जमा करना होगा। यह निर्णय शनिवार की शाम नगर परिषद पंचायत बोर्ड की बैठक में लिया गया। नगर पंचायत बोर्ड 2015- 20 सत्र की यह आखिरी बोर्ड की बैठक थी। 5 साल की अवधि पूरा होने पर यह कार्यकाल समाप्त हो रहा है। बैठक में कार्यपालक अधिकारी जितेंद्र कुमार जैसल ने सभी सदस्यों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में कोविड 19 को देखते हुए आउटसोर्सिंग 25 कर्मियों की सेवा अगले साल मार्च तक विस्तार करने का भी निर्णय लिया गया। मार्च 2020 को इनकी अवधि खत्म हो रही थी, लेकिन कोविड 19 को लेकर वार्डों में साफ-सफाई के लिए इनका रहना जरूरी था। इसके अलावा सभी वार्डों में दो-दो हैंडपंप लगाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए सूची सदस्यों से मांगी गई। बैठक का संचालन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार जैसल ने किया। बैठक में नगर पंचायत की उपाध्यक्ष कुलबीर सलूजा के अलावा सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे।