रामगढ़ में एक्सयूवी-हाइवा की जोरदार टक्कर, छह गंभीर घायल; नेतरहाट जा रहे थे सभी यात्री
रामगढ़ के चोपादारू के पास NH-23 पर एक एक्सयूवी और हाइवा की भीषण टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से ...और पढ़ें

एक्सयूवी और हाइवा की भीषण टक्कर में छह घायल।
HighLights
एक्सयूवी और हाइवा की भीषण टक्कर में छह घायल।
चोपादारू, रामगढ़-बोकारो NH-23 पर हुआ हादसा।
संवाद सूत्र, गोला (रामगढ़)। रामगढ़-बोकारो एनएच-23 चोपादारू के समीप मंगलवार की अहले सुबह एक्सयूवी कार और हाइवा के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक्सयूवी कार में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के 20 परगना, हावड़ा निवासी बंटी साह (36), पिता मनोदर साह, उनकी पत्नी अंकिता पोद्दार (25), उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी समीर सरकार (34), पिता बादल सरकार, अदिति पोद्दार (35), पिता देव ज्योति पोद्दार, पायल सिकदार (30 वर्ष), पति शंकर सिकदार और सोरीन सिकदार (7), पिता शंकर सिकदार के रूप में हुई है।
बताया गया कि सभी लोग एक्सयूवी कार (डब्ल्यूबी 25 जेड 9988) में सवार होकर नेतरहाट घूमने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, सभी सोमवार की रात करीब दस बजे हावड़ा से नेतरहाट के लिए निकले थे।
इसी दौरान चोपादारू के समीप कार अनियंत्रित होकर हाइवा(जेएच 24 डी 1837)से टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि लंबी यात्रा के दौरान चालक को अचानक नींद आ गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के समय कार में तीन छोटे बच्चे भी सवार थे। राहत की बात यह रही कि तीनों बच्चों को चोट नहीं आई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत कार्य में सहयोग किया। हादसे के कारण कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
