विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे घर से, दामोदर नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, एक सुरक्षित बचा

Published: Mon, 18 May 2026 12:51 AM (IST)

रामगढ़ के कुजू में दामोदर नदी में नहाने गए तीन किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई, ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. दामोदर नदी में नहाते समय दो किशोरों की मौत।

  2. छह घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव मिले।

संवाद सूत्र, कुजू (रामगढ)। रामगढ़ जिले के कुजू ओपी अंतर्गत गढ़बांध-रउता क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा सामने आया है। यहां दामोदर नदी में नहाने के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। 
 
स्थानीय लोगों की तत्परता से एक किशोर को तो सकुशल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो अन्य किशोर गहरे पानी में समा गए। लगभग छह घंटे के सघन खोजबीन अभियान के बाद गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका। 
 

फुटबॉल खेलने का बहाना बनाकर आए थे नदी तट 

मृतक किशोरों के परिजनों ने रोते-बिलखते बताया कि रविवार सुबह तीनों किशोर अपने घरों से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे। लेकिन वे गढ़बांध स्थित छावनी परिषद के दामोदर तट पर अवस्थित वाटर पंप हाउस के पास पहुंच गए। 
 
वहां सभी ने अपने कपड़े उतारे और नहाने के लिए नदी में उतर गए। नहाने के दौरान अचानक तीनों कुजू ओपी क्षेत्र के रउता छोर पर स्थित गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव के कारण डूबने लगे।
 

प्रशासनिक मुस्तैदी और 6 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन 

चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

  •     एक को मिला जीवनदान: बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी (16 वर्ष, पिता विनोद तिवारी) को लोगों ने किसी तरह सुरक्षित पानी से बाहर खींच लिया। उन्हें तुरंत इलाज के लिए रांची रोड स्थित होम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर है।
  •     शवों बरामद: दो अन्य किशोरों के लापता होने की सूचना पर रामगढ़ के अंचलाधिकारी (CO) रमेश रविदास, मांडू की अंचलाधिकारी तृप्ति विजया कुजूर और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पतरातू और रामगढ़ से बुलाए गए पेशेवर गोताखोरों ने काफी मशक्कत की और करीब 6 घंटे की खोजबीन के बाद शाम को दोनों शवों को ढूंढ निकाला।


मृतकों की पहचान और परिजनों का बुरा हाल 

नदी से निकाले गए मृत किशोरों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • वैभव कुमार (15 वर्ष) - पिता दीपक वर्मा, निवासी: आदर्श नगर, न्यू बस स्टैंड।
  • प्रेंस सोनकर (16 वर्ष) - पिता बबलू सोनकर, निवासी: किसान नगर, बिजुलिया तालाब रोड।


कुजू ओपी पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर मौजूद दोनों मृत किशोरों के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें ढांढस बंधाने में स्थानीय लोग जुटे रहे।