राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा रामगढ़ का नाम! इंस्पायर अवॉर्ड में चुने गए जिले के 3 छात्र; दिल्ली में बढ़ाएंगे मान
रामगढ़ जिले के तीन विद्यार्थी 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 12वें नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेज इमेज।
HighLights
रामगढ़ के तीन विद्यार्थी दिल्ली में इंसपायर अवार्ड में लेंगे भाग।
नीलम, श्रेया और पूरब 12 अक्टूबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रदर्शन।
प्रतियोगिता में झारखंड के 30 विद्यार्थी शामिल होंगे।
संवाद सहयोगी, रामगढ़। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इंसपायर अवार्ड मानक योजना में रामगढ़ जिले के तीन विद्यार्थी 12 अक्टूबर को नयी दिल्ली में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें एक सरकारी व दो अन्य विद्यालय के बच्चे शामिल है। जिसमें मिडिल स्कूल चटाक दुलमी प्रखंड की नीलम कुमारी, आर्मी स्कूल रामगढ़ की श्रेया मेहता व आर्मी स्कूल रामगढ़ के ही पूरब जैन शामिल हैं।
सनद रहे की 12वीं नेशनल लेवल एग्जीबिशन एंड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन (एनएलईपीसी) का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नयी दिल्ली में किया जा रहा है। इसमें झारखंड के 30 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
इस संबंध में राज्य नोडल कार्यालय की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी अमय कुमार शील को पत्र भेजा गया है। इसमें पूरे राज्य से 30 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयन पत्र व सूची को राज्य नोडल पदाधिकारी नीलम आइलीन टोप्पो ने जारी किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील ने बुधवार को बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग उतरोत्तर विकास की ओर अग्रसर है।
कहा कि राज्य स्तरीय प्रोजेक्ट प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी में चयनित 30 छात्र-छात्राएं दिल्ली में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें रामगढ़ के तीन विद्यार्थी शामिल हैं। बताया कि 36 सदस्यीय झारखंड दल 10 अक्टूबर को रांची रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना होगा।
चयनित विद्यार्थी अपने-अपने मॉडल के साथ प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्हें फोटोयुक्त परिचय पत्र, आधार कार्ड, प्रोजेक्ट राइटअप, मोबाइल, स्कूल यूनिफार्म, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, लैपटाप और आवश्यक स्टेशनरी साथ रखना अनिवार्य है।
डीईओ ने कहा कि यह जिले के लिए काफी गर्व की बात है कि यहां के तीन बच्चों का चयन हुआ है जो दिल्ली में अपने प्रदर्श का प्रदर्शनी करेंगे। उन्होंने तीनों बच्चों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना भी की है।
