बरकाकाना में सनसनी: दीपावली और छठ के बीच नाले से मिली गोवंश की हड्डी, लोगों में भारी आक्रोश; पुलिस जांच में जुटी
रामगढ़ के बरकाकाना में दीपावली और छठ के बीच एक नाले से गोवंश की हड्डियां मिलने से इलाके में सनसनी ...और पढ़ें

रामगढ़ के बरकाकाना क्षेत्र में हेहल स्थित दानिश पेट्रोल पंप के समीप एक नाले से गोवंश की हड्डी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हड्डियों को कब्जे में लिया।
HighLights
बरकाकाना में नाले से मिली गोवंश की हड्डियां।
दीपावली और छठ के बीच घटना से आक्रोश।
पुलिस ने जांच शुरू की, शिकायत दर्ज।
संसू, बरकाकाना (रामगढ़)। दीपावली, गोहाल पूजा और महापर्व छठ के बीच रामगढ़ के बरकाकाना क्षेत्र में हेहल स्थित दानिश पेट्रोल पंप के समीप एक नाले से गोवंश की हड्डी मिली है।
इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ोंग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बरकाकाना ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाले से हड्डियों को अपने कब्जे में लिया और जांच के लिए ओपी ले गई। पर्व-त्योहार के इस माहौल में इस तरह की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में गहरी नाराजगी है।
हिंदू टाइगर फोर्स के रामगढ़ जिला अध्यक्ष पंकज भारती ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे पावन अवसरों पर इस तरह की घटना का सामने आना बेहद चिंताजनक है।
क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और रोष व्याप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहराई से जांच कर इसके पीछे के कारणों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
इस सिलसिले में हिंदू टाइगर फोर्स के दीपक सिसोदिया और अन्य सदस्यों द्वारा बरकाकाना ओपी में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह हड्डी कहां से आई और नाले तक कैसे पहुंची, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।